वृंदावन में विराट कोहली के हाथ में दिखी कौन सी किताब? 500 साल पुराने इतिहास से क्या है संबंध
मंगलवार यानी 02 जून को वृंदावन पहुंचे विराट कोहली के हाथ एक पुस्तक दिखी. बताया जा रहा है कि इस पुस्तक का कनेक्शन 500 साल पुराने इतिहास से है. इसमें वृंदावन को लेकर खास जानकारी दी गई हैं. दावा किया जा रहा है कि यह पुस्तक खुद प्रेमानंद महाराज ने विराट कोहली को भेंट की है.
भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा 2 जून यानी मंगलवार को प्रसिद्ध कथावाचक और संत प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन पहुंचे थे. इस दौरान विराट कोहली के हाथ एक पुस्तक दिखाई दी. अब सोशल मीडिया पर इस पुस्तक को लेकर तमाम चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लोगों में इस पुस्तक के बारे में जानने की दिलचस्पी बढ़ गई है.
500 साल पुराना ग्रंथ
विराट कोहली के हाथ में जो पुस्तक दिखी. दरअसल, वह एक ग्रंथ है, जिसका नाम श्री वृंदावन महिमामृतम है. इस ग्रंथ को काफी प्राचीन और धार्मिक महत्व वाला माना जाता है. इस ग्रंथ की रचना प्रबोधानंद सरस्वती महाराज ने की थी. कहा जाता है कि इस ग्रंथ का इतिहास तकरीबन 500 साल पुराना है.
वृंदावन को लेकर दी गई है खास जानकारियां
श्री वृंदावन महिमामृतम ग्रंथ में वृंदावन की महिमा और उसके महत्व का वर्णन किया गया. इसमें वृंदावन में रहने, यहां की धूल यानी रज की विशेषता, यमुना नदी का महत्व, यहां के प्राचीन मंदिरों की जानकारी भजन-कीर्तन और धार्मिक परंपराओं का विस्तार पूर्वक तरीके से उल्लेख किया गया है. खासतौर पर इस ग्रंथ में वृंदावन के प्राचीन सप्त देवालयों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं.
रस भारती संस्थान की तरफ से पुस्तक का किया गया है प्रकाशन
श्री वृंदावन महिमामृतम ग्रंथ पुस्तका का प्रकाशन का रस भारती संस्थान की तरफ से किया गया है. प्रेमानंद महाराज भी अपने प्रवचनों में इस ग्रंथ का कइयों बार उल्लेख कर चुके हैं. दावा किया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज ने ही यह पुस्तक विराट कोहली को भेंट की थी.
IPL-2026 का खिताब जीतने के बाद प्रेमानंद महारज से मिलने पहुंचे विराट
बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने प्रेमानंद महाराज के दरबार जाकर उनका आशीर्वाद भी लिया. इसके अलावा दोनों प्रेमानंद महाराज के गुरुदेव के आश्रम भी गए. उनका दर्शन कर आशीर्वाद लिया. बता दें विराट IPL-2026 का खिताब जीतने के बाद पहली बार प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे थे.
आईपीएल के बीच में भी वृंदावन आए थे विराट
विराट कोहली लगातार संत प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन आते रहे हैं. इससे पहले वे आईपीएल के व्यस्त शेड्यूल के बीच प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे. आईपीएल शुरू होने से पहले भी वे वृंदावन आए थे. बता दें पिछले कई दिनों से प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब होने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं.