वृंदावन में बड़ा हादसा! ओमेक्स मॉल की शटरिंग भरभराकर गिरी, 3 मजदूरों की मौत
वृंदावन के ओमेक्स मॉल में शटरिंग गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ. छत की ढलाई के दौरान हुई इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. घटना स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप हैं, जिसके कारण यह भीषण त्रासदी हुई.
मथुरा के वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक निर्माणाधीन मॉल में आज सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया. ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में ढलाई कार्य के दौरान अचानक शटरिंग गिर जाने से मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल को आगर रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार, मॉल में छत की ढलाई का काम चल रहा था. इसी दौरान तड़के करीब 6:00 बजे अचानक पूरी शटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई. हादसे के वक्त वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और सुरक्षाकर्मी मौके पर दौड़े. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी पहुंची.
मृतकों में दो बंगाल के, एक नेपाल का रहने वाला
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई थी. पुलिस के आने पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. हादसे में जान गंवाने वाले एक मृतक की पहचान नेपाल निवासी 42 वर्षीय शिवराम के रूप में हुई है. मलबे से दो अन्य मजदूरों के शव भी बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी रफ्यूल (28) और आलम (30) के रूप में हुई.
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक अन्य मजदूर भी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है. उसकी पहचान 45 वर्षीय दिलदार के रूप में हुई. स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहद नाजुक हालत में उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. वहीं, घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने सुरक्षा मानकों में लापरवाही को जिम्मेदार माना है.
कोई पुख्ता इंतजाम या सेफ्टी गियर उपलब्ध नहीं थे
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया था. कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम या सेफ्टी गियर उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ. वहीं, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई.