वाराणसी, प्रयागराज, आगरा समेत UP के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

आज यानी 24 फरवरी को यूपी के सभी 75 जिलों में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिली रहेगी. 25 और 26 फरवरी को भी मौसम को लेकर कोई खास चेतावनी नहीं जारी की गई है. फिलहाल, यूपी के कई जिलों में 30 डिग्री के ऊपर तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है.

यूपी के मौसम का हाल Image Credit:

फरवरी महीने में ही प्रदेश में तापमान 30 डिग्री के पार चला गया है. इसके अलावा तकरीबन सभी जिलों में न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री के ऊपर दर्ज किया जा रहा है. आईएमडी के मुताबिक 24 से 26 फरवरी तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में मौसम साफ रहेगा. लेकिन तापमान में उछाल आने की संभावना जरूर है.

मौसम विभाग के मुताबिक 26 फरवरी को हिमालयी क्षेत्र को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा. लेकिन यह कमजोर है. ऐसे में इसका असर उत्तर प्रदेश पर नहीं पड़ेगा. इसके चलते प्रदेश में कहीं भी बारिश की संभावना है. हालांकि, तापमान में जरूर इजाफा हो सकता है.

मार्च में पड़ सकती है भीषण गर्मी

फरवरी महीने में जिस तरह से लगातार तापमान 30 डिग्री के ऊपर दर्ज किया जा रहा है, उससे मार्च में इसमें रिकॉर्डतोड़ इजाफा होने की आशंका है.  दिन में तेज धूप के साथ गर्मी का असर बढ़ने लगा है. दोपहर की धूप अब चुभने लगी है. हालांकि, सुबह और शाम के समय अब भी हल्की गुलाबी ठंड का जरूर एहसास हो रहा है.

यूपी के 75 जिलों में ग्रीन जोन

आज यानी 24 फरवरी को यूपी के सभी 75 जिलों में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिली रहेगी. 25 और 26 फरवरी को भी मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है. आईएमडी की तरफ से जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है.

वाराणसी रहा सबसे गर्म जिला

पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला वाराणसी रहा. यहां अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया. फिर प्रयागराज में 31.2, आगरा में 30.8, झांसी में 30.7 और बांदा में 30.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो अयोध्या में 10.5, फिर फतेहपुर 11.2, बाराबंकी में 11.4 और गोरखपुर में 11.8 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया.