यूपी में बारिश के बाद बढ़ी गलन, इन 22 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह के वक्त कोहरे की चादर तनी रहेगी. इस बीच तापमान में भी गिरावट आएगी. फिलहाल, बारिश के बाद यूपी में गलन बढ़ चुकी है.

उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल Image Credit:

यूपी में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश ने फिर से दस्तक दिया. लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई. फिलहाल, अब अगले कुछ दिनों तक बारिश का अलर्ट नहीं है. लेकिन कोहरे और बारिश के साथ तापमान में आई गिरावट के चलते अगले कुछ दिन गलन भरे जरूर हो सकते हैं.

अभी जारी रहेगा शीतलहर

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह के वक्त कोहरे की चादर तनी रहेगी. इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है. फिलहाल, आईएडी ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, महराजगंज, कुशीनगर और देवरिया समेत 22 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है. यहां दृश्यता 100 से 500 मीटर तक रहने का अनुमान है.

इस वजह से मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति

मौसम विभाग के विशेषज्ञों की माने तो 5 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र से सक्रिय होगा. इसका असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ेगा. इससे पहले भी कई पश्चिमी विक्षोभों का असर प्रदेश पड़ चुका है. इसका परिणाम यह हुआ है कि मौसम में उतार चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है.

पिछले 24 घंटे में बुलंदशहर रहा सबसे ठंडा जिला

बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम तापमान बुलंदशहर में रहा. यहां न्यूनतम तापमान 09 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर फतेहपुर में 9.2, लखीमपुर खीरी में 9.4, बांदा में 10 और फतेहगढ़ में 10.4 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया. वहीं, अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा तापमान लखनऊ में पाया गया. यहां 26.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. फिर बहराइच में 26.2, बाराबंकी में 26, कानपुर में 25.9 और बस्ती में 25.5 डिग्री मैक्सिमम टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया.