यूपी में अब रोजाना बढ़ रहा है तापमान, फरवरी में मार्च जैसा मौसम

प्रदेश में इस वक्त कोई मौसम प्रणाली या पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव नहीं है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क रहने वाला है. हालांकि, ठंड को सिमटते देख लोगों को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए. गर्म कपड़े पहनने में अगर अब भी कोताही बरती तो बीमार पड़ सकते हैं.

यूपी में मौसम Image Credit:

यूपी में ठंडक की तकरीबन विदाई हो चुकी है. कोहरे का असर भी अब अपने अंतिम स्टेज में है. तापमान में भी इजाफा देखा जा रहा है. हालांकि, कुछ शहरों में अब भी हल्के कोहरे का अलर्ट है. यह स्थिति अगले कुछ दिनों में गायब हो जाएगी. इन इलाकों में भी कोहरा केवल सुबह तक सीमित रह रहा. दिन आगे बढ़ते ही ही तेज धूप निकल रही है.

प्रदेश के सभी 75 जिले ग्रीन जोन की स्थिति में हैं. आज 11 फरवरी यानी बुधवार को भी मौसम पूरी तरह से साफ है. सुबह-शाम हल्की गलन महसूस की जा सकती है. लेकिन दिन के वक्त तेज धूप निकलेगी. 12 फरवरी को भी मौसम शुष्क और साफ रहेगा। वहीं 13 और 14 फरवरी तक भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा.

अभी मौसम रहेगा साफ

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में इस वक्त कोई मौसम प्रणाली या पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव नहीं है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क रहने वाला है. हो सकता है आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो तब मौसम में कुछ उतार-चढ़ाव नजर आ सकता है.

ठंड कम होते देख लापरवाही ना बरतें

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भले ही तापमान में इजाफा देखा जा रहा है. ठंड का असर सिमट रहा है. लेकिन अब भी गर्म कपड़े पहनने में कोई कोताही ना बरतें. दोपहर की धूप देखकर गर्म कपड़े पूरी तरह न छोड़ें. सुबह और रात के तापमान में आ रही गिरावट के चलते आपको सर्दी-जुकाम हो सकता है.

न्यूनतम और अधिकतम तापमान में इजाफा

पिछले 24 घंटे में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में इजाफा देखा गया. सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में रहा. यहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री रहा. फिर कानपुर में 7.6, शाहजहांपुर में 7.7 और बहराइच में 7.8 न्यूनतम तापमान रहा. वहीं, अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो बांदा सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री पाया गया. फिर प्रयागराज में 28.9, वाराणसी में 28.1, झांसी में 28 और हमीरपुर में 27.2 अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.

Follow Us