यूपी में फिर बदलेगा मौसम, भीषण गर्मी के बीच इस तारीख को होगी बारिश, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक 14 मार्च को हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. ऐसे में 15 और 16 मार्च को बारिश की संभावना है. फिलहाल, प्रदेश में दिन के वक्त भीषण गर्मी पड़ रही है. अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया है.

यूपी में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में मौसम फिर से बदलने वाला है. अगले 2 से तीन दिन प्रदेश में बारिश का दौर आ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च को राज्य के अलग-अलग जिलों में तेज हवाएं चलेंगी. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावनाएं हैं. अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.

मौसम विभाग का कहना है कि 14 मार्च को हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसका असर यूपी पर भी पड़ेगा. इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

कई जिलों में सुबह-सुबह धुंध आया नजर

बुधवार यानी 11 मार्च को यूपी के कई जिलों में धुंध और कोहरे की मोटी परत नजर आई. इसके चलचे कुछ स्थानों पर दृश्यता बेहद कम दर्ज की गयी. आज यानी 12 मार्च को भी प्रदेश के कई जिलों में धुंध नजर आया. मौसम विभाग की मानें तो यह स्थिति अगले 2-3 दिन और जारी रह सकती है.

ग्रीन जोन में यूपी के सभी जिले

फिलहाल, उत्तर प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन की स्थिति में है. मौसम शुष्क रहेगा. धूप के चलते दिन में गर्मी ज्यादा महसूस होगी. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. बता दें कि पिछले दो दिनों से प्रदेश में अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक रिकॉर्ड किया जा रहा है.

39 डिग्री के पास पहुंचा अधिकतम तापमान

आज यानी गुरुवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पास दर्ज किया गया. 38.6 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा. फिर आगरा और झांसी में 37.5, ओरई में 37.4 और हमीरपुर में 37.2 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो 17 डिग्री के साथ बुलंदशहर और फतेहपुर सबसे ठंडा जिला रहा. फिर मुजफ्फरनगर में 18.1 और कानपुर में 18.2 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया.

Follow Us