फरवरी महीने में ही UP में 32 डिग्री के पार चला गया तापमान, 19 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी 18 फरवरी को पश्चिमी यूपी के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. इस बीच राज्य में अधिकतम तापमान 32 डिग्री के पार चला गया है.
फरवरी महीने में ही उत्तर प्रदेश में मार्च जैसा मौसम नजर आ रहा है. अधिकतम तापमान 32 डिग्री के पार जा चुका है. न्यूनतम तापमान में भी भारी इजाफा हुआ है. हालांकि, प्रदेश में अब अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास उतार चढ़ाव की संभावना नहीं है. हालांकि न्यूनतम तापमान में पहले 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की तेजी आएगी.
19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी 18 फरवरी को पश्चिमी यूपी के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, बागपत, हापुड़, मैनपुरी, इटावा, कांसगज, एटा, औरया, जालौन, झांसी और ललितपुर में बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
अधिकतम तापमान 32 डिग्री के पार
पिछले 20 हफ्ते से राज्य के अधिकांश शहरों के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. आगरा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री के पार चला गया. हालांकि, अब बारिश की वजह से बादलों की आवाजाही शुरू होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी रुकने के साथ-साथ 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट की गुंजाइश नहीं है.
आगरा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान आगरा सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री दर्ज किया गया. फिर, झांसी में 31.8, प्रयागराज में 31.6, बांदा और वाराणसी में 31.21 मैक्सिमम टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें 8.2 डिग्री के साथ बांदा पहले स्थान पर रहा. फिर अयोध्या में 9.5, कानपुर में 9.8 और बाराबंकी में 10 डिग्री मिनिमम टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया.
रजाई और कंबल को पैक करने का वक्त आ गया
बता दें कि फरवरी महीने में लोगों को गर्मी का एहसास होना शुरू हो गया. दिन के वक्त गर्म कपड़े पहनना मुश्किल हो गया. इस बार फरवरी महीने में रजाई और कंबल को पैक करने का वक्त आ गया है. लेकिन इस तरह के मौसम में ही लोगों के बीमार होने की आशंका बढ़ जाती है.