तपिश, तूफान और बारिश; बांदा में 41 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अब IMD ने जारी किया मौसम को लेकर ये बड़ा अलर्ट
मौसम विभाग ने आज बारिश को येलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही उत्तर भारत में 2 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है. ऐसे में यूपी में भी 4 अप्रैल तक रुक-रुककर हल्की बारिश जारी रह सकती है.हालांकि, इन सबके बीच बांदा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है.
यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आंधी की आशंका बनी हुई है. इस दौरान तापमान 34 से 38 डिग्री के बीच रग सकता है. राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक,आज यानी 31 मार्च को यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में मध्यम से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान कहीं 40 तो कहीं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाओं का दौर चलेगा.
4 अप्रैल तक बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने आज बारिश को येलो अलर्ट जारी किया है. 1 अप्रैल को भी कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 2 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है. ऐसे में यूपी में भी 4 अप्रैल तक रुक-रुककर हल्की बारिश जारी रह सकती है. बारिश की ये स्थिति किसानों की फसलों के बेहद नुकसान दायक साबित हो रही है.
30 मार्च को ऐसा रहा मौसम
30 मार्च को दिन भर आसमान में बादलों की आवाजाही नजर आई. इस दौरान कई इलाकों में बारिश देखने को मिली. बारिश के चलते न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट देखी गई. फिलहाल, पश्चिमी विक्षोभ का असर पहले के मुकाबले कम हुआ है. ऐसे में अगले 2 दिन तेज बारिश की आशंका कम है. हालांकि, बूंदाबांदी की स्थिति बनी रहेगी.
मौसम वैज्ञानिकों ने दी ये सलाह
फिलहाल, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चलती हुईं देखी गई. ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, बिजली उपकरणों को अनप्लग और अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए कहा है. बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने और खुले स्थानों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है.
41 डिग्री के पार पहुंचा पारा
बारिश के बावजूद यूपी में अधिकतम तापमान में कोई गिरावट दर्ज नहीं की गई है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार चला गया है. बांदा में 41.2 डिग्री के साथ सबसे अधिक तापमान पाया गया. फिर, झांसी में 39.1, आगरा में 39 और प्रयागराज में 38.9 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज गया. वहीं, नजीबाबाद 16 डिग्री के साथ सबसे ठंडा इलाका रहा. फिर, अयोध्या में 18.5, बुलंदशहर में 19 और मेरठ में 19.3 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.