UP में आज फिर मौसम ढाएगा कहर, 70KM की रफ्तार से आएगा तूफान, 65 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके चलते 11 जून की रात प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति देखने को मिली. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को भी 65 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.
प्रदेश के अधिकांश जिलों में गुरुवार यानी 11 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली. इस दौपान 70 से 80 की रफ्तार से हवाएं चलीं. मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को 65 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, कई जिलों में ओले गिरने की भी आशंका जताई है.
20 जून को प्रदेश में मॉनसून लेगा एंट्री
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में ये बारिश एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते हो रही है. लेकिन, 13 जून के बाद फिर भीषण गर्मी से लोगों को जूझना पड़ेगा. लेकिन 20 जून के आसपास से आपको लगातार गर्मी से राहत मिलेगी. दअरसल, प्रदेश में 20 जून तक मानसून एंट्री लेगा.
यहां बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र में ओलावृष्टि की आशंका जाहिर की है. वहीं, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर जैसे जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
ऐसे मौसम में बरतें सतर्कता
प्रदेश में आंधी-तूफान से जान-माल की भी हानि हो सकती है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से बहुत जरूरी ना होने पर घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है. अगर आप किसी कारणवश आंधी-तूफान में बाहर फंस गए हैं तो सुरक्षित जगह की तलाश करें और आंधी-तूफान बंद होने तक वहीं रुके रहें. बिजली खंभों और पेड़ों से दूर रहें.
तापमान में आई गिरावट
पिछले कुछ दिनों से कई जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है. लेकिन आंधी-पानी के चलते भीषण गर्मी से राहत मिली है. गुरुवार को हुई बारिश से रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई. इसका असर न्यूनतम तापमान पर ज्यादा पड़ा है. बरेली में न्यूनतम तापमान गिरकर 19 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं, बाराबंकी और बहराइच में 21 डिग्री मिनिमम टेंपरेचर रहा. वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें, 45.4 डिग्री के साथ बांदा पहले नंबर पर रहा.