नोएडा, गाजियाबाद में बारिश का अलर्ट तो बांदा और झांसी में हीट वेव की चेतावनी, जानें कैसा रहेगा आपके शहर में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. प्रभावित जिलों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं बढ़ सकती है. हालांकि, मौसम विभाग ने चित्रकूट, कौशांबी, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में आज हीट वेव की भी चेतावनी जारी की है.
उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान ने कहर मचा रखा है. इसके चलते पिछले 2 दिनों में पूरे प्रदेश के अंदर 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. भारी नुकसान के शासन अलर्ट मोड में है. मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.विभाग की तरफ से लोगों को आसमानी बिजली और तेज हवाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, गौतबुद्धनगर, संभल, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, एटा, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, आगरा, फिरोजाबाद, कांशीरामनगर, बदायूं, मैनपुरी, अलीगढ़, इटावा, कन्नौज, संभल, बदायूं जिले में बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है.
16 मई से बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत में सक्रिय एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में ऐसा मौसम बना हुआ है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कम हो रहा है. 16 मई से प्रदेश में फिर से गर्मी बढ़ने वाली है. तापमान में इजाफा होने वाला है. इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है. शनिवार से प्रयागराज, सोनभद्र, वाराणसी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, आगरा, इटावा और जालौन सहित कुल 27 जिलों में लू का भारी प्रभाव नजर आ सकता है.
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी 15 मई को चित्रकूट, कौशांबी, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिले में हीट वेव की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा 20 मई के बाद प्रदेश में नौतपा की स्थिति की शुरुआत हो रही है.इस स्थिति के दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं और भीषण गर्मी पड़ती है. ऐसे में विभाग में लोगों को विभाग ने दोपहर के समय लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी को कहा है.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान 45.4 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा. फिर झांसी में 44, प्रयागराज में 43.5, हमीरपुर में 43.2 और ओरई में 41 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद 20 डिग्री के साथ पहले स्थान पर रहा. फिर, बाराबंकी में 20.5, बस्ती में 21, मेरठ में 21.3 और मुरादाबाद में 21.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा.