महिला के घर में रंगरलियां मनाने पहुंचा दरोगा, गांव वालों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा; हुआ बड़ा बवाल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक दरोगा महिला के घर में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया. दिव्यांग पति की मौजूदगी में ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथों पकड़ा और पुलिस को सौंपा. आरोप है कि बाद में पुलिस ने दरोगा को छोड़ दिया. इस खबर से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और जोरदार हंगामा किया. अब एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक बार फिर खाकी शर्मसार हुई है. यहां एक दरोगा रंगरलियां मनाने के लिए शाम ढलते ही एक महिला के घर में घुस गए. घर के अंदर महिला का दिव्यांग पति भी मौजूद था. शोर शराबा होने पर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी दरोगा को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम यूपी 112 पर फोन किया. थोड़ी देर में पुलिस पहुंची और आरोपी दरोगा को अपने साथ थाने ले गई, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया. इसकी जानकारी मिली तो गांव वालों ने खूब हंगामा किया.
इतने में खबर एसएसपी आजमगढ़ को हो गई. उन्होंने तत्काल मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. मामला आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक आरोपी दरोगा की तैनाती पहले यहां पल्हाना चौकी पर थी. उसी दौरान किसी केस के सिलसिले में दरोगा का जमुई गांव में रहने वाली एक महिला के साथ जान पहचान हो गई और वह अक्सर उसके घर आने जाने लगा था. बाद में दरोगा का ट्रांसफर जहानागंज थाने में हो गया, फिर उसका आना जाना लगा रहा.
दिव्यांग है महिला का पति
गांव वालों के मुताबिक महिला का पति दिव्यांग है. इसी का फायदा उठाते हुए दरोगा ने महिला पर दबाव बनाया और उसके साथ गलत हरकते की. गांव वालों ने बताया कि यह घटना 6 जुलाई की देर रात की है. उस रात दरोगा चुपके से आया और महिला के घर में घुस गया. इस दौरान महिला के पति के शोर मचाने पर आए लोगों ने दरोगा को पकड़ लिया. इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया, लेकिन जब पीछे पीछे गांव के लोग चौकी पहुंचे तो पता चला कि उसे छोड़ दिया गया है.
ग्रामीणों ने काटा बवाल
इस जानकारी पर गांव वाले आक्रोशित हो गए. पुलिस चौकी में ही हंगामा करने लगे. कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया. इस वीडियो पर एसएसपी आजमगढ़ ने संज्ञान लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ लालगंज को मामले की जांच के आदेश दिए हैं. सीओ लालगंज भूपेश पांडे के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. इस संबंध में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.