शादी का झांसा देकर रेप, नगदी-जेवर भी हड़पे; बरेली में दरोगा की करतूत से शर्मसार हुई UP पुलिस

बरेली में एक महिला ने दरोगा पर शादी का झांसा देकर कई बार रेप करने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, दरोगा ने पहले मदद का भरोसा दिया, फिर जेवर-नगदी हड़पे और जबरन गर्भपात भी कराया. गर्भवती होने पर आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात कराया और फिर संबंध खत्म कर लिए. पीड़िता ने अब एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.

एसएसपी ने किया दरोगा को सस्पेंड Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने एक दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि वह अपने पति और ससुराल पक्ष की शिकायत लेकर बारादरी थाने पहुंची थी. वहीं पर उसकी मुलाकात एक दरोगा से हुई. शुरुआत में दरोगा ने उसकी मदद करने का भरोसा दिया, फिर शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीत लिया. बाद में इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. वहीं शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने संबंध खत्म कर लिए हैं.

पीड़ित महिला ने इस संबंध में एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दी है. इसमें उसने दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता के मुताबिक वर्ष 2022 से उसका अपने पति से विवाद चल रहा है और वह अलग रह रही है. वर्ष 2025 में वह पति के खिलाफ शिकायत लेकर बारादरी थाने पहुंची थी. वहीं उसकी मुलाकात आरोपी दरोगा से हुई. महिला का कहना है कि दरोगा ने पहले उसकी परेशानी सुनी और भरोसा दिलाया कि वह हर हाल में उसकी मदद करेगा.

पुलिस में नौकरी का दिया था झांसा

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे पुलिस विभाग में नौकरी का भी झांसा दिया था. कहा था कि महकमे में उसकी अच्छी पकड़ है. इस प्रकार आरोपी ने उसे बहलाया फुसलाया और उसकी खूबसूरती की तारीफ की. उसने कहा कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उसके साथ शादी करना चाहता है. पीड़िता के मुताबिक उसकी बातों पर उसे विश्वास हो गया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. इसके बाद दरोगा कई बार उसके घर आया और उसके शारीरिक संबंध बनाया.

पति-पत्नी की तरह रहते थे दोनों

पीड़िता के मुताबिक पिछले साल करवा चौथ के दिन तो दरोगा उसके घर ही आकर रहने लगा. उसी समय से दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे. इसी क्रम में फरवरी 2026 में दरोगा ने बेटे की शादी का हवाला देकर उससे करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर ले लिए. जब उसने जेवर वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा. विरोध करने पर उसे धमकाया भी. संयोग से इसी बीच वह प्रेग्नेंट हो गई. इसकी जानकारी मिली तो आरोपी ने 12 मई 2026 को उसने जबरन गर्भपात की दवा खिला दी. इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में भर्ती होना पड़ा.

एसएसपी को दी शिकायत

महिला ने बताया कि 4 और 5 जुलाई की रात दरोगा सड़क हादसे में घायल हो गया था. सूचना मिलने पर उसने ही उसे अस्पताल पहुंचाया और इलाज का खर्च भी उठाया. अगले दिन आरोपी के परिवार वाले अस्पताल पहुंचे और उसके साथ अभद्रता करते हुए दरोगा को अपने साथ ले गए. इसके बाद दरोगा ने उससे पूरी तरह दूरी बना ली. इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दी है. इसके बाद SSP अनुराग आर्य ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है.

Follow Us