नहीं रह सकते एक दूजे के बिना… दुश्मन बना जमाना तो प्रेमी युगल ने खा लिया जहर, युवक की मौत

उत्तर प्रदेश के बागपत में प्रेम प्रसंग को लेकर परिवार के विरोध के चलते एक प्रेमी युगल ने देहरादून एक्सप्रेस-वे पर जहरीला पदार्थ खा लिया. इस दर्दनाक घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों अलग-अलग जातियों के थे और चार साल से प्रेम में थे, जिसे घर वाले स्वीकार नहीं कर रहे थे.

देहरादून एकसप्रेस वे पर प्रेमी युगल ने खाया जहर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बागपत से गुजर रहे दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सोमवार की शाम एक प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया. इससे युवक की मौत हो गई, जबकि युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामला बागपत में बाबरी थाना क्षेत्र का है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची ने इनकी कार से सल्फास की कई शीशियां बरामद की है. पुलिस की जांच में पता चला है कि युवक और युवती अलग अलग जातियों से थे. ये दोनों करीब चार साल से प्यार में थे, लेकिन इनके घर वाले इनके रिश्ते को मान्यता नहीं दे रहे थे.

यहां तक कि इनके मिलने जुलने पर बंदिशें लगा दी गईं. ऐसे में दोनों ने तय किया कि साथ जी नहीं सकते तो क्या हुआ, साथ मर तो सकते हैं. यही सोच कर दोनों कार में सवार होकर देहरादून एक्सप्रेसवे पर आए और सड़क के किनारे गाड़ी लगाकर दोनों ने जहर निगल लिया. इससे इन्हें बेचैनी होने लगी तो दोनों गिरते पड़ते गाड़ी में से निकले और सड़क पर तड़पने लगे. राहगीरों ने इन्हें देखकर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया है.

पुलिस ने कराई पहचान

मौके पर पहुंचे बाबरी थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों बेहोशी की हालत में थे और ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे. आनन फानन में इन्हें अस्पताल भेजा गया, लेकिन युवक की मौत हो गई. जांच के दौरान दोनों की पहचान हुई है. दोनों दोघट थाना क्षेत्र में अलग अलग गांवों के और अलग जातियों के थे. पुलिस के मुताबिक फिलहाल युवती की हालत नाजुक है और उसे मेरठ के मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है. वहीं युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

चार साल से था प्रेम प्रसंग

पुलिस के मुताबिक युवक थाना दोघट के तमेला गढ़ी गांव का रहने वाला था. वहीं युवती पास के ही धनौरटी गांव की है. दोनों के बीच करीब चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. अभी पिछले ही महीने युवती के घर वालों ने दोनों को मुजफ्फरनगर के एक होटल में पकडा था. उस समय काफी बवाल भी हुआ था. बड़ी मुश्किल से उस समय मामला निपटा, लेकिन तमाम बंदिशों के बावजूद दोनों मिलना जुलना नहीं छोड़ा. पुलिस के मुताबिक युवक अपने मां बाप का इकलौता बेटा था.

Latest Stories