बाराबंकी: देवा शरीफ में युवक को ‘पंडित’ कहकर पीटा, जबरन धुलवाया माथे का तिलक

बाराबंकी के देवा शरीफ में एक शर्मनाक घटना सामने आई है. जहां एक युवक को 'पंडित' कहकर पीटा गया और जबरन उसका तिलक धुलवाया गया. यह घटना दरगाह परिसर के बाहर हुई, जिसका वीडियो वायरल है. युवक पड़ोस की मुस्लिम महिला के साथ दरगाह पर चादर चढ़ाने पहुंचा था.

देवा शरीफ में युवक के साथ शर्मनाक करतूत

बाराबंकी में सूफी-संत हाजी वारिस अली शाह की पावन धरती देवा शरीफ में गुरुवार दोपहर आपसी सौहार्द को बिगाड़ने वाली एक बेहद निंदनीय घटना सामने आई है. यहां दरगाह के बाहर एक युवक के साथ न केवल मारपीट की गई बल्कि धार्मिक भावनाएं आहत करते हुए जबरन उसके माथे का तिलक धुलवाया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का नाम हरीश शर्मा है, जो दशहराबाद का रहने वाला है. वह अपनी पड़ोस की एक मुस्लिम महिला के साथ देवा शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ाने आए थे. जब महिला दरगाह के भीतर गई तब हरीश बाहर था, तभी कुछ स्थानीय दुकानदारों ने उन्हें ‘ओए पंडित’ कहकर टोका और बिना किसी कारण के थप्पड़ जड़ दिए.

दरगाह से महज 70 मीटर की दूरी पर हुआ घटना

पीड़ित के अनुसार, हमलावर यहीं नहीं रुके उन्होंने हरीश को घेर लिया और अभद्रता करते हुए हाथापाई शुरू कर दी. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति ने युवक को मजबूती से पकड़ रखा है और उसे जबरन दुकान की ओर ले जा रहा है. इसके बाद युवक के सिर और माथे पर पानी डालकर उसका तिलक धुलवाया गया.

यह पूरी घटना दरगाह परिसर से महज 70 मीटर की दूरी पर हुई. सरेराह हुई इस बदसलूकी का वीडियो जब वायरल हुआ तो लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. घटना के बाद पीड़ित हरीश शर्मा ने देवा कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है.

देवा शरीफ में ऐसी घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश

साथ ही पुलिस, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. देवा पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में क्षेत्र की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. बता दें कि ‘जो रब है वही राम है’ का संदेश देने वाली देवा की धरती पर इस तरह की घटना ने स्थानीय बुद्धिजीवियों और श्रद्धालुओं को आश्चर्यचकित कर दिया है.