हरदोई में ‘टोटी चोर’ का आतंक, एक ही रात में 70 घरों के नल से टोटियां चोरी; जल संकट गहराया
हरदोई में 'टोटी चोर' गिरोह का आतंक बढ़ गया है. पिहानी में एक ही रात में करीब 70 घरों और सार्वजनिक स्थानों से पानी की टोटियां चोरी कर ली गईं, जिससे मोहल्ले में जल संकट गहरा गया है. 'हर घर जल' योजना के तहत लगी टोटियों की चोरी से पानी बर्बाद हो रहा है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के पिहानी कस्बे के मिश्राना मोहल्ले में इन दिनों ‘टोटी चोर’ गिरोह ने पुलिस और प्रशासन की नाक में दम कर रखा है. चोरों ने जल निगम की सरकारी योजना के तहत लगाई गई कीमती टोटियों को निशाना बनाया. एक ही रात में 70 घरों के नल से टोटियां चोरी कर ली गई. इस घटना से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मचा है.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, रात में चोरों ने पूरे मोहल्ले में घूम-घूमकर सार्वजनिक और निजी स्थानों पर लगे नलों की टोटियां गायब कर दी. सुबह जब लोग पानी भरने के लिए नलों के पास पहुंचे, तो वहां से टोटियां नदारद मिली. अनुमान के मुताबिक, अब तक लगभग 60 से 70 घरों की टोटियां चोरी हो चुकी हैं जिसके कारण नलों से लगातार पानी बह रहा है.
अब लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा
नल से टोटियां गायब होने से हजारों लीटर पेयजल बर्बाद हो रहा है और कई गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है. मोहल्लेवासियों का कहना है कि जल निगम ने हर घर जल योजना के तहत ये टोटियां लगाई थी, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके. लेकिन चोरों के आतंक के कारण अब लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है.
रात में गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रात में गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं. पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस से गुहार लगाई है कि मामले की जांच कर गिरोह का पर्दाफाश किया जाए. साथ ही मोहल्ले में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में नेशनल प्लेयर पर जानलेवा हमला, कार को मारी टक्कर, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग
ये भी पढ़ें- ‘बंधक बनाकर रखा, शारीरिक संबंध भी बनाए’, यूट्यूबर शादाब जकाती पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप
