आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर फौजी की हत्या, बदमाशों ने दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोली

हाथरस के आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने एक फौजी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना में आर्मी के जबान की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां जवान कोर्ट के काम से आया था. पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की है.

सादाबाद में आर्मी जवान की कार पर हमला, मौत

आगरा अलीगढ़ राजमार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक फौजी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान आर्मी में तैनात एक जवान के रूप में हुई है, जो कोर्ट में किसी काम से आया हुआ था. पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की है.

यह घटना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास की बताई जा रही है. अज्ञात हमलावरों ने युवक की कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुए हमले से युवक घबरा गया और जान बचाने के लिए कार से उतरकर कोल्ड की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उसे मौत के घाट उतार दिया.

पुरानी दुश्मनी या सुनियोजित हमले की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सादाबाद कोतवाली पुलिस, एसओजी टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम जारी है. आर्मी के जवान की हत्या से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

यह घटना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां जवान कोर्ट के काम से आया था. पुलिस ने घटना की जांच के लिए पांच टीमें गठित की हैं. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर गौर किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या सुनियोजित हमले की आशंका जताई जा रही है.

जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी होगी- पुलिस अधीक्षक

घटनास्थल पर पहुचे पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मामले की जानकारी ली है. हालांकि अभी तक किसी ठोस कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस का दावा है कि हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस जांच में जुटी है, वहीं, इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.