मोमोज खिलाने का झांसा देकर बच्चे को बनाया चोर, घर से चोरी कराया 86 लाख के Gold; ऐसे खुली पोल
उत्तर प्रदेश के देवरिया में मोमोज बेचने वाले एक दुकानदार ने एक बच्चे को बहकाकर उसके घर से ₹86 लाख से अधिक का सोना चोरी करवा लिया है. मोमोज खिलाने का लालच देकर दुकानदार ने मासूम को अपने ही घर का चोर बना दिया. मामले का खुलासा होने पर बच्चे के परिजनों ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में एक दुकानदार ने मासूम बच्चे को मोमोज खिलाने का झांसा देकर अपने ही घर का चोर बना दिया. यही नहीं, आरोपी ने बच्चे को बहला फुसलाकर उससे 86 लाख रुपये से भी अधिक कीमत के गहने चोरी करवा दिए. बच्चे के परिजनों को गहने चोरी होने की जानकारी हुई तो पड़ताल की. इसमें पूरे मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी दुकानदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी दुकानदार बच्चे को मोमोज खिलाने का झांसा देता था. फिर उसे बहला फुसलाकर समझाता था कि वह अपने घर से ज्वैलरी चुरा कर लाएगा तो उसे मोमोज खाने को मिलता रहेगा. मासूम बच्चा दुकानदार के प्रभाव में आ गया और उसने अपने ही घर में आलमारी से गहने चुराने शुरू कर दिए. धीरे धीरे कर इस बच्चे ने घर से सारी ज्वैलरी उठाकर दुकानदार को दे दी. इसकी कीमत 86 लाख रुपये से भी अधिक बताई जा रही है.
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक इस बच्चे के पिता बनारस में पुजारी हैं. उन्होंने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है कि घर की आलमारी में उन्होंने अपनी और बहन की ज्वैलरी रखी थी. यह सारी ज्वैलरी चोरी हो गई. पिता ने बताया कि बहन जब अपनी ज्वैलरी लेने आई तो उन्होंने आलमारी खोला और मामले की जांनकारी हुई. आलमारी से सारे गहने गायब देखकर वह चीखने चिल्लाने लगे तो परिवार के सभी लोग आए. इस दौरान बातचीत में ही पता चला कि यह कारनामा उनके बेटे ने ही किया है.
पुलिस ने लिया एक्शन
बच्चे ने बताया कि डुमरी चौराहे पर मोमोज की दुकान लगाने वाले दुकानदार ने मोमोज खिलाने का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम देने के लिए विवाश किया. इस खुलासे के बाद बच्चे के पिता ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.