बकरीद पर बरेली-मथुरा में हिंसा की साजिश! मंदिर और कुएं में मिले जानवरों के अवशेष, मचा हड़कंप

बकरीद के बाद बरेली के मंदिर व मथुरा के कुएं में जानवरों के अवशेष मिले, जिससे हड़कंप मच गया. माहौल खराब करने की इस कोशिश पर लोगों ने हंगामा किया. गनीमत रही कि समय रहते पुलिस पहुंच गई और भीड़ को शांत कराया है. पुलिस ने तत्काल अवशेष हटवाते हुए साफ सफाई कराई है. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की है.

हंगामे की सूचना पर मंदिर पहुंची बरेली पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली और मथुरा में बकरीद के बाद माहौल खराब करने की कोशिश का मामला सामने आया है. इन दोनों ही स्थानों पर जानवरों के अवशेष पवित्र स्थानों पर फेंका गया. जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया. गनीमत रही कि समय रहते एक्शन में आई पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. वहीं दोनों जिलों में अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

पहला मामला बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में घंघोरा पिपरिया का है. यहां एक मंदिर परिसर में पशु का सिर और कुछ अन्य अवशेष मिले हैं. इसकी जानकारी मिलते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने बड़ी सूझ-बूझ के साथ लोगों को शांत कराया. इसके बाद मंदिर परिसर में पड़े अवशेष हटवाकर साफ सफाई कराई. इसी प्रकार मथुरा के कोतवाली छाता नगर के भगत सिंह पार्क के पास प्राचीन कुएं में कचरा व मांस के अवशेष मिले हैं.

मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में बरेली की भोजपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. बीजेपी नेता अर्जुन सिंह यादव ने भी इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उधर, मथुरा में छाता नगर कोतवाली पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं कोतवाली पुलिस प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी की मौजूदगी में गोरक्षक दल की टीम ने कुएं की सफाई कराई. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

अफवाहों से बचने की अपील

इन दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस और प्रशासन ने लोगों को अफवाह से बचने की अपील की है. एसडीएम छाता वैभव गुप्ता के मुताबिक वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. हालात को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है और लोगों को संयम बरतने को कहा गया है. एसडीएम के मुताबिक जो कोई माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us