बहन के प्रेम प्रसंग में खूनी साजिश! भाई ने CRPF जवान को उकसाकर कराया मर्डर, पंजाब से हुई अरेस्टिंग

इटावा में यूपीएससी छात्र मनीष यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्यारोपी CRPF जवान अभिषेक यादव को पंजाब से गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि दोस्त विपिन के उकसावे पर अभिषेक ने इस वारदात को अंजाम दिया. दरअसल विपिन की बहन और मनीष के बीच प्रेम संबंध थे. हत्यारोपी अभिषेक ने वारदात कबूल करते हुए पछतावा जाहिर किया है.

दोस्त के कहने पर सीआरपीएफ जवान ने की हत्या Image Credit:

उत्तर प्रदेश इटावा में यूपीएससी छात्र मनीष यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले सीआरपीएफ जवान अभिषेक यादव को पंजाब से गिरफ्तार किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी अभिषेक ने वारदात कबूल करते हुए पछतावा जाहिर किया है. बताया कि उसे इस वारदात के लिए उसके दोस्त विपिन ने उकसाया था. उसने भी दोस्ती का मान रखने के लिए इस वारदात को अंजाम दे दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मनीष का टेबलेट भी सेंगर नदी से बरामद कर लिया है.

यह वारदात इटावा में भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम नगला बंधा का है. पिछले दिनों इस गांव में रहने वाले मनीष यादव की हत्या हुई थी. पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की और अब पंजाब के मुक्तसर साहिब स्थित मलौत रोड पर अजय कॉलोनी से आरोपी को अरेस्ट किया है. जरूरी पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

सामने आया प्रेम प्रसंग का मामला

आरोपी अभिषेक ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसके दोस्त विपिन और मनीष यादव के बीच प्रेम संबंध था. इसकी जानकारी विपिन को हुई तो उसने दोनों को रोकने की खूब कोशिश की. बावजूद इसके दोनों ने मिलना जुलना बंद नहीं किया तो विपिन ने मनीष की हत्या की साजिश रची और सीआरपीएफ जवान अभिषेक को उकसा कर मनीष की हत्या करा दी. आरोपी अभिषेक के मुताबिक वारदात के बाद वह घबरा गया था और उसे पछतावा भी हो रहा था. इसलिए वह तुरंत पंजाब भाग गया.

नदी से मिला मनीष का टैबलेट

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी से वारदात की निशानदेही कराई. इस दौरान पुलिस ने मनीष का टैबलेट बरामद करने के लिए बसरेहर के पास अमृतपुर स्थित सेंगर नदी पहुंची और गोताखोरों की मदद से इस टैबलेट को बरामद कर लिया है. थाना प्रभारी और क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से बताया कि टैबलेट की बरामदगी से कई तकनीकी जानकारियां मिल सकती हैं. पुलिस अब डिजिटल डाटा की जांच करेगी ताकि हत्या से जुड़े और तथ्य सामने आ सकें.