सुनो ससुरजी! प्रॉपर्टी में हिस्सा मांग रहा था दामाद, मना करने पर ले ली जान; बहन भी घायल
उत्तर प्रदेश के हरदोई में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक दामाद ने अपने ससुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोपी दामाद दुकान में हिस्सा मांग रहा था, लेकिन ससुर के इनकार करने पर उसने हॉकी से हमला किया. इस हमले में ससुर की मौत हो गई और उनकी बहन घायल हो गईं हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक वारदात हुई है. यहां एक दामाद ने प्रापर्टी में हिस्सा नहीं मिलने पर अपने ससुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी है. आरोपी दामाद अपने ससुर से हिस्से के तौर पर दुकान मांग रहा था. जबकि उसके ससुर मना कर रहे थे. मामला हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र में हथोड़ा गांव के पास नहर की पटरी का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश में टीमों का गठन कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक शाहजहांपुर जिले में अल्लाहगंज के विकास नगर मुहल्ले में रहने वाले अशोक बाबू अपनी बहन अलका के साथ हनुमत धाम मंदिर से प्रसाद चढ़ाने आए थे. वापसी में वह पचदेवरा थाना क्षेत्र के हथोड़ा गांव के पास नहर की पटरी से गुजर रहे थे. इसी दौरान उनके दामाद मनमोहन ने अपने साथी मन्नू के साथ उन्हें घेर लिया और प्रापर्टी में हिस्से को लेकर उनसे खूब झगड़ा किया. आरोपी ने उन्हें कम से कम दुकान उसके नाम करने की मांग की, लेकिन ससुर अशोक बाबू ने साफ मना कर दिया.
हॉकी से पीट-पीटकर की हत्या
इसके बाद अशोक बाबू अपनी बहन अलका को बाइक पर बैठाकर अपने घर के लिए चल दिए, लेकिन बाइक स्टार्ट करते ही आरोपी ने हॉकी से उनके ऊपर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस वारदात में अशोक बाबू की बहन भी बुरी तरह से जख्मी हो गई. स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने अशोक बाबू को मृत घोषित कर दिया है. वहीं अलग को अस्पताल में भर्ती किया है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद से ही आरोपी अपने साथी के साथ फरार है. पुलिस उसके हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है. इस बीच पुलिस ने अस्पताल में भर्ती मृतक की बहन के बयान दर्ज किए हैं और उन्हीं की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
