कानपुर कार्डियोलॉजी: एक्सपायरी दवा से मरीज की मौत, डायरेक्टर समेत 6 फंसे; कोर्ट ने बैठाई जांच
कानपुर के हृदय रोग संस्थान एक्सपायरी दवा से एक मरीज की मौत हो गई थी. मरीज की पत्नी ने डायरेक्टर समेत 6 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. वहीं, अब उनकी याचिका पर कोर्ट ने जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही एक पैनल गठित कर 7 मार्च तक जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के आदेश हैं.
कानपुर का हृदय रोग संस्थान (कार्डियोलॉजी) प्रदेश का जाना माना संस्थान है. यहां के डायरेक्टर और डॉक्टर्स के ऊपर एक्सपायरी डेट की दवा से इलाज करने का आरोप लगा है. सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की याचिका कोर्ट में लगाई गई, जिस पर अब जांच के आदेश दे दिए गए हैं. मृतक की पत्नी ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी.
कानपुर के गुमटी क्षेत्र निवासिनी अंजू शुक्ला ने सीएमएम कोर्ट में कहा कि 13 अगस्त, 2025 को उनके पति राजेंद्र कुमार शुक्ला को सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद उनको कार्डियोलॉजी में भर्ती कराना पड़ा. जहां कई तरह की जांच की गई और उसके बाद बायपास सर्जरी किया गया. डायरेक्टर और डॉक्टर्स ने उस दौरान 156 ऐसी दवाइयां दी गई जो एक्सपायर थी.
एक्सपायर दवा की वजह से ब्रेन स्ट्रोक हो गया
अंजू शुक्ला का आरोप है कि एक्सपायर दवा की वजह से उनके पति को ब्रेन स्ट्रोक हो गया जिसके बाद कार्डियोलॉजी द्वारा उनके को डिस्चार्ज कर दिया गया. इसके बाद अपने पति को शर्मा नर्सिंग होम लेकर गई लेकिन जब वहां डॉक्टर्स ने जवाब दे दिया तो वह अपने पति को लेकर रीजेंसी अस्पताल गई जहां 12 सितंबर, 2025 को उनके पति की मौत हो गई.
अंजू शुक्ला का आरोप है कि उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए जनसुनवाई में अर्जी भेजी लेकिन वहां से कोई राहत नहीं मिली. इसके बाद डीएम और मंडलायुक्त ने पूरे मामले में जांच बैठाई लेकिन आज तक उसमें कोई रिपोर्ट नहीं आई. इसके बाद उन्होंने मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र दिया लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया.
इनके खिलाफ लगे आरोप, कोर्ट ने बैठाई जांच
अंजू शुक्ला ने कार्डियोलॉजी के डायरेक्टर राकेश कुमार वर्मा, डॉक्टर संदीप गौतम, डॉक्टर श्रीराज, डॉ आशीष मनोहर, नर्स मुस्कान और डायरेक्टर के पीए अरविंद के खिलाफ आरोप लगाया है. कोर्ट ने पूरे प्रकरण की जांच अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ एवं परिवार कल्याण, कानपुर मंडल के तत्वाधान में कराने के निर्देश दिया है. 7 मार्च तक रिपोर्ट जमा करनी होगी.