फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर ठगी, LLB छात्र गिरफ्तार; 2 करोड़ ब्लैक मनी पर 24 लाख मांगे

संभल में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने एक बड़े खुलासे में LLB छात्र को गिरफ्तार किया है. आरोपी फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर ग्रामीण से रंगदारी मांगता था. लोगों को अधिकारी का रौब दिखाकर डराता, आरोपी ने एक व्यक्ति को ब्लैक मनी का हवाला देकर 24 लाख रुपये की मांग की थी.

फर्जी IT अफसर बन रंगदारी मांगने वाला LLB छात्र गिरफ्तार Image Credit:

संभल में फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर ठगी करने वाले एक LLB छात्र को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी युवक फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर ग्रामीण से रंगदारी मांगता था. वह आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी की योजना बना रहा था और कानूनी पढ़ाई का गलत इस्तेमाल कर रहा था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है.

SP कृष्ण विश्नोई ने बताया कि आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस, जो LLB का छात्र है, उसने इंटरनेट से इनकम टैक्स विभाग के नोटिस का फॉर्मेट डाउनलोड किया. उसमें फर्जी विवरण भरकर ग्रामीण को नोटिस भेजा. आरोपी ने एक व्यक्ति को 2 करोड़ रुपये के काले धन का हवाला देकर कार्रवाई का डर दिखाया गया और उसे रोकने के बदले 24 लाख रुपये की मांग की.

ब्लैक मनी पर 12% के हिसाब से 24 लाख मांगे

मामला संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर तगा गांव का है. आरोप है कि आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस पुत्र पुरुषोत्तम, जो अमरोहा के उझारी में रहकर LLB की पढ़ाई कर रहा था, ने खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताकर ग्रामीण शीशपाल पुत्र पीतांबर को दो करोड़ रुपये के काले धन का फर्जी नोटिस थमा दिया.

आरोपी ने खुद को दिल्ली स्थित इनकम टैक्स कार्यालय का अधिकारी बताकर पीड़ित को डराने की कोशिश की. इसके बाद कार्रवाई रोकने के नाम पर 12 प्रतिशत के हिसाब से 24 लाख रुपये की मांग की. पीड़ित ग्रामीण पिछले करीब 15 दिनों से आरोपी की धमकियों से परेशान था. फोन कॉल और मिलने के लिए दबाव बनाया जा रहा था.

पुलिस में शिकायत की तो नोटिस फर्जी निकला

ग्रामीण ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद जांच में नोटिस पूरी तरह फर्जी पाया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 338, 336(3), 340(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को तलाश शुरू की. इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

सोमवार को जब पुलिस आरोपी को न्यायालय ले जा रही थी, उसी दौरान उसकी मां भी मौके पर मौजूद थी, जो बेटे को हथकड़ी में देखकर भावुक हो गई. वहीं, SP कृष्ण विश्नोई ने मामले का खुलासा करते हुए साफ कहा कि फर्जी अफसर बनकर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.