मिर्जापुर: गो-तस्करी में अपना दल कमेरावादी के जिला अध्यक्ष गिरफ्तार, गौशाला की आड़ में धंधा चलाने का आरोप
मिर्जापुर पुलिस ने अपना दल कमेरावादी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर पटेल समेत तीन लोगों को गो तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है. गौशाला की आड़ में गाय को तस्करों के हाथों बेचने का आरोप है. श्याम बहादुर के गिरफ्तार होने से राजनीति गलियारों में हड़कंप है.
मिर्जापुर पुलिस को अवैध गो तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है. गौशाला से गाय बेचने के आरोप में संत नगर पुलिस ने अपना दल कमेंरावादी के जिला अध्यक्ष समेत तीन को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपना दल कमेरावादी के जिला अध्यक्ष श्याम बहादुर पटेल, समाजवादी पार्टी के विधायक पल्लवी पटेल के नजदीकी बताया जा रहा है.
श्याम बहादुर पटेल का तस्वीर पल्लवी पटेल और पल्लवी पटेल की माता अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के साथ भी मौजूद है. श्याम बहादुर पटेल वर्तमान में ग्राम प्रधान सोनबरसा और लालगंज ब्लाक के प्रधान संघ अध्यक्ष भी हैं. श्याम बहादुर के गिरफ्तार होने से राजनीति गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है.
गौशाला के नाम पर गोरखधंधा, पहले भी केस दर्ज
संत नगर पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया है कि पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर गो तस्करों के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें श्याम बहादुर पटेल थाना लालगंज सोनबरसा के रहने वाले हैं, दिलीप कुमार राम कैमूर भभुआ बिहार का और राजेश कोल मिर्जापुर लालगंज उरुवा के रहने वाला है. तीनों को जेल भेज दिया गया है.
श्याम बहादुर पटेल पर एक मुकदमा तो दिलीप कुमार राम पर तीन मुकदमा पहले से ही दर्ज हैं. पुलिस के पूछताछ में गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने बताया है सोनबरसा गांव में स्थित गौशाला में अपने आर्थिक लाभ के लिए अवैध तरीके से गोवंशों को बेच दिया करते थे. श्याम बहादुर पटेल ने पुलिस को बताया कि वह एक राजनीतिक पार्टी के जिला अध्यक्ष भी हैं.
तीनों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया
फिलहाल, पुलिस ने तीनों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है. अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष मिश्रा ने बताया कि तीन गो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. यह गौशालयों के आड़ में पशुओं को बेचने का काम करते थे, जिसमें एक राजनीतिक पार्टी का जिला अध्यक्ष भी है. फिलहाल तीनों को जेल भेज दिया गया है, मामले की जांच की जा रही है.