धूमधाम से हो रही थी शादी, तभी दूल्हे को मंडप से उठा ले गई पुलिस; हैरान कर देगी वजह

आजमगढ़ में एक शादी समारोह में पुलिस ने चौंकाने वाली कार्रवाई की. द्वारपूजा के दौरान पुलिस ने दूल्हे आदर्श मौर्य को मंडप से हिरासत में ले लिया. दूल्हा अपनी पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी कर रहा था, जिसकी शिकायत उसकी पहली पत्नी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी. पुलिस के हस्तक्षेप से शादी रुक गई और दूल्हे पर धोखाधड़ी का आरोप लगा, जिसकी जांच चल रही है.

आजमगढ़ की शादी में बवाल Image Credit:

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां द्वारपूजा की रस्म के दौरान अचानक पुलिस पहुंच गई. अभी लोग कुछ समझ पाते कि पुलिस ने स्टेज पर बैठे दूल्हे को हिरासत में ले लिया और गाड़ी में बैठाकर थाने आ गई. इधर, लोगों को इसकी वजह पता चली तो लोग हैरान रह गए. मामला आजमगढ़ में सिधारी थाना क्षेत्र का है. यहां दूल्हा अपनी पहली शादी की बात छुपाकर दूसरी शादी कर रहा था.

पुलिस के मुताबिक वाराणसी नगर निगम में संविदाकर्मी आदर्श मौर्य की पहली पत्नी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर अपने पति के खिलाफ शिकायत दी थी. इस शिकायत में बताया था कि उसके पति ने ना तो उसे तलाक दिया और ना ही उसे कोई सूचना दी और चुपके से दूसरी शादी कर रहा है. इस सूचना पर एक्टिव हुई पुलिस आदर्श की पहली पत्नी को साथ लेकर इस शादी समारोह में दबिश देने पहुंच गई. इस दौरान शादी की रस्म शुरू हो गई थी. इसमें दूल्हे का द्वारपूजा चल रहा था. पुलिस ने स्टेज से ही लड़के को उठाकर गाड़ी में बैठा लिया.

समारोह में मचा हड़कंप

अचानक पुलिस के आने और दूल्हे को हिरासत में लेने से समारोह में हड़कंप मच गया. हर आदमी यह जानने को उतावला दिखा कि आखिर दूल्हे का कसूर क्या है. हालांकि उस समय पुलिस के साथ आई दूल्हे की पहली पत्नी ने जब पूरी कहानी बयां की तो हर कोई हैरान रह गया. दरअसल, यह दूल्हा पहले से ही शादीशुदा था. उसने एक लड़की से प्रेम विवाह किया था, लेकिन अब वह एक अन्य लड़की से अरेंज मैरिज कर रहा था. पहली पत्नी की ऑनलाइन शिकायत के बाद पुलिस ने देर रात मंडप में पहुंच कर शादी रुकवा दी है.

पूरी रात चली पंचायत

दूल्हे और उसके परिवार को पुलिस थाने ले आई. इसके बाद सुबह तक थाने में ही पंचायत चलती रही. बावजूद इसके कोई समाधान नहीं निकला. ऐसे में दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए इस आयोजन में हुए पूरे खर्चे के निवर्हन की जिम्मेदारी दूल्हे पर डाल दी. पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.