खेत में अपराध, थाने में सुनवाई; पंचायत में फैसला… छेड़छाड़ पीड़िता ने आरोपी को खुद दी सजा
संभल में छेड़छाड़ के आरोपी को सजा देने की हैरान करने वाली घटना सामने आई है. इसमें एक किशोरी ने थाने के बाहर पंचायत में मनचले को खुद जूतों से पीटकर सजा दी है. आरोपी ने खेत में पीड़िता से अश्लील हरकत की थी. पुलिस में शिकायत के बाद गांव वालों ने समझौते के लिए पंचायत बुलाई थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने चेतावनी देकर आरोपी को छोड़ दिया है.
उत्तर प्रदेश के संभल में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक मनचले को छेड़छाड़ पीड़िता ने खुद अपने हाथों जूते मारकर सजा दी है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. मामला संभल के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का है. आरोप है कि मनचले ने इस गांव में रहने वाली किशोरी के साथ अश्लील हरकत की थी. किशोरी के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद थाने के बाहर दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई और इस पंचायत में आरोपी को जूते मारने की सजा दी गई थी.
पुलिस के मुताबिक घटना दो दिन पहले 6 फरवरी की दोपहर का है. उस समय किशोरी अपने पशुओं के लिए चारा लेने खेत में गई थी. इसी दौरान आरोपी भी वहां पहुंचा और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा. घर लौटकर पीड़िता ने अपने परिजनों को वारदात की कहानी बताया और परिजनों के साथ थाने आकर आरोपी के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. इतने में गांव के लोग थाने पहुंच गए और आपसी समझौते से निपटारे की बात की.
पंचायत में हुआ ये फैसला
इसके बाद पुलिस ने सभी पक्षों को थाने के बाहर जाकर बात करने के लिए कह दिया. ऐसे में गांव के लोग थाने के गेट से बाहर निकलकर बैठ गए और बातचीत करने लगे. काफी चर्चा के बाद आरोपी पर दोष प्रमाणित हुआ. फिर इस पंचायत में ही तय हुआ कि खुद पीड़िता आरोपी को जूते मारकर सजा देगी. इसके बाद मामले को रफादफा कर दिया जाएगा. इसके बाद पंचायत में पीड़िता और आरोपी को बुलाया गया, जहां पीड़िता ने आरोपी को कई जूते मारे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है.
पुलिस बोली- मौखिक शिकायत मिली थी
इस वीडियो में लड़की आरोपी को जूते मारते हुए नजर आ रही है. उधर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया था. ऐसे में पुलिस ने आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ दिया. थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी के मुताबिक पीड़ित पक्ष ने मौखिक शिकायत दी थी, लेकिन बाद में किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने की बात कहकर थाने से चले गए. उन्होंने कहा कि थाने के बाहर पंचायत हुई या नहीं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.