मेरठ में स्क्रैप कारोबारी की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में बदला लेने की आशंका; इलाके में तनाव
मेरठ में स्क्रैप कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है., यह डेढ़ साल पहले हुई एक हत्या का बदला माना जा रहा है. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्का जाम किया और हत्यारों के एनकाउंटर की मांग की. पुलिस ने सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामला शांत कराया.
मेरठ में लगभग डेढ़ साल पहले अरशद नाम के व्यक्ति की उसके बच्चों के सामने सिर पर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. उस घटना का आरोप असलम और उसके परिवार के लोगों पर लगा था. बताया जा रहा है कि उसी का बदला लेने के लिए स्क्रैप कारोबारी असलम की हत्या की गई है. शनिवार को परिजनों ने शव को सड़क पर रख जमकर विरोध जताया.
दरअसल, शुक्रवार को स्क्रैप कारोबारी की मेरठ के नौचंदी थाने से महज कुछ ही दूरी पर हत्या कर दी गई थी. ये इलाका मेरठ का जैदी फार्म है. बताया जा रहा है कि कुछ लोग हथियारों से लैस असलम की फिराक में आये थे और देखते ही ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. इस घटना में असलम घायल हो गया, बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक के पिता ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग
बताया जा रहा है कि मृतक असलम और मर चुके अरशद के परिवार की काफी लंबे समय से दुश्मनी चलती आ रही है. अरशद की हत्या डेढ़ साल पहले ही हो गई थी, जिसका सीसीटीवी भी सामने आया था. बताया जा रहा है कि उसका बदला लेने के लिए ही अरशद के समर्थकों ने शुक्रवार को स्क्रैप कारोबारी असलम को मौत के घाट उतार दिया.
शनिवार को जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद असलम का शव एम्बुलेंस पर आया तो परिजनों ने सड़क पर ही शव रख कर चक्का जाम कर दिया. इस दौरान मृतक के पिता इमरान और पुलिस भी बहस भी हुई, नाराजगी साफ दिखाई दे रही थी. इमरान एंबुलेंस की छत पर बैठ गए जिसमें उनके बेटे का शव आया था और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करने लगे.
गोलीबारी में असलम के दोस्त को भी लगी थी गोली
हंगामा को बढ़ता देख सीओ सिविल लाइन्स अभिषेक तिवारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया. पुलिस ने मामले में 11 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है. गोलीबारी में असलम के दोस्त शोएब को भी गोली लगी है, जिसका इलाज चल रहा है .