उमाशंकर सिंह के घर पर इनकम टैक्स की रेड खत्म, लेकिन दफ्तर में अब भी मौजूद हैं आयकर अधिकारी
25 फरवरी को 50 से ज्यादा आयकर अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ सुबह 7 बजे बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर पहुंच गए. इसी वक्त उमाशंकर सिंह के बलिया और सोनभद्र के ठिकानों पर भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने रेड मारी. फिलहाल उमाशंकर सिंह के घर पर इनकम टैक्स की रेड खत्म हो गई है. लेकिन उनके आवास पर अब भी आयकर अधिकारी मौजूद हैं.
बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर 10 घंटे तक चली इनकम टैक्स की रेड खत्म हो गई है. लेकिन उनके दफ्तर में अब भी आयकर अधिकारियों की कार्रवाई जारी है. सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने उमाशंकर सिंह की कंपनी से जुड़े कागजात और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज को सीज किया है. हालांकि, अब तक विभाग की तरफ से इस कार्रवाई को लेकर अधिकारिक बयान नहीं आया है.
50 से ज्यादा आयकर अधिकारी पहुंचे थे उमाशंकर सिंह के घर
बुधवार यानी 25 फरवरी को 50 से ज्यादा आयकर अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ सुबह 7 बजे उमाशंकर सिंह के आवास पर पहुंच गए. इसी वक्त उमाशंकर सिंह के बलिया और सोनभद्र के ठिकानों पर भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने रेड मारी. आयकर अधिकारी उनके आवास पर तकरीबन 10 घंटे तक रहे. इस दौरान उमाशंकर सिंह के वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की.
रेड के बाद आयकर अधिकारियों ने उमाशंकर सिंह के घर के बाहर घेरा बना दिया है. घर के अंदर-बाहर जाने की आवाजाही की सीमित कर दिया था. उमाशंकर सिंह के ऊपर आयकर विभाग की इस कार्रवाई से राजनीति हलकों में हलचलें तेज हो गई है. बसपा सुप्रीमों मायावती ने भी इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है.
मायावती ने उमाशंकर सिंह के खिलाफ कार्रवाई पर जताई नाराजगी
मायावती ने ट्वीट कर कहा कि बसपा विधायक उमाशंकर सिंह जबसे बीएसपी में आए हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई है. आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी गलत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है.
उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह पिछले लगभग दो वर्षों से वे काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहें हैं. ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर इनके संबंध में कोई शिकायत मिली थी तो वे इनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर इनके ठीक हो जाने के बाद पूछताछ कर सकते थे. हम कोई इस विभाग के कार्य में दखल नहीं दे रहें, लेकिन आज जिस तरह से इन पर अति-गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गयी है वह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के खिलाफ है.
बसपा के एकमात्र विधायक है उमाशंकर सिंह
साल 2022 विधानसभा चुनाव में बसपा को सिर्फ एक सीट पर ही जीत मिली थी. यह जीत उमाशंकर सिंह ने दिलाई थी. वह रसड़ा विधानसभा से लगातार तीन बार के विधायक हैं. फिलहाल, उमाशंकर सिंह के बारे में चर्चा है कि वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे हैं. उनका इलाज अमेरिका में चल रहा है. बताया जाता है कि उन्हें कैंसर है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की है.
ठेकेदारी से राजनीति तक का तय किया सफर
उमाशंकर सिंह बलिया के रसड़ा तहसील के खनवर गांव के रहने वाले है. उनकी शिक्षा बलिया में ही पूरी हुई है. कॉलेज के दिनों में उन्होंने छात्र राजनीति में हाथ आजमाया था. बाद में वह ठेकेदारी में कूद गए थे. जिला पंचायत का चुनाव लड़े और जीते. ठेकदारी करते हुए उन्होंने काफ़ी धन कमाया. फिर 2012 में रसड़ा विधानसभा से बसपा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत गए. उसके बाद से वह इस सीट लगातार 3 बार के विधायक हैं.
उमाशंकर सिंह के पास 52 करोड़ की संपत्ति
2022 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उमाशंकर सिंह के पास 52 करोड़ की संपत्ति है. उमाशंकर सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह C. S. INFRACONSTRUCTION की मैनेजिंग डायरेक्टर है. यह कंपनी सड़क निर्माण करने वाली बड़ी कंपनियों में से एक है. इसकी शुरुआत 2002 में उमाशंकर सिंह ने की थी. बाद में पत्नी को मैनेजिंग डायरेक्टर बना दिया गया. 2024-25 में इस कंपनी ने 10 हजार करोड़ का टर्नओवर किया था.
C. S. INFRACONSTRUCTION नाम की इस कंपनी के पास आधा दर्जन से अधिक हॉट मिक्स प्लांट और क्रेशर है. कंपनी के नाम पर 250 से अधिक ट्रेलर (डंपर) के साथ ही दो पेट्रोल पंप भी है. इसके अलावा C.S. LUXURY HOTELS नाम की कंपनी में उमाशंकर की पत्नी पुष्पा सिंह के साथ ही बेटा योकेश सिंह भी डायरेक्टर है. इस कंपनी के कई होटल और रिसॉर्ट बताए जाते हैं.