‘जनता अगले साल बुल और बुलडोजर दोनों का इलाज कर देगी’, अखिलेश ने क्यों कहा?
अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर एक ट्वीट किया है. इस ट्वीट पर उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए लिखा है कि अगले चुनाव में जनता बुल और बुलडोज़र दोनों का इलाज कर देगी. इस ट्वीट के साथ उन्होंने वीडियो भी एड किया है, जिसमें सांड एक युवती को अपने पैरों के नीचे रौंदते नजर आ रहा है.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर हैं. उन्होंने बीजेपी पर फार्म 7 के जरिए विपक्षी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाने का आरोप लगाया है. इसको लेकर उन्होंने अपने X अकाउंट पर भी सिलसिलेवार कई सारे ट्वीट किए हैं. अखिलेश यादव ने अपने एक ट्वीट में बीजेपी पर हमला बोलते हुए लिखा है कि अगले चुनाव में जनता बुल और बुलडोज़र दोनों का इलाज कर देगी.
उन्होंने अपने ट्वीट एक वीडियो भी ऐड किया है. इस वीडियो में सांड एक युवती को रौंदते दिख रहा है. उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि ये भाजपाई सत्ताधीश कभी अपनी सिक्योरिटी छोड़कर सड़क पर पैदल चलें तो यही सांड उन्हें हवा में उछाल देगा. 14 दिन में समस्या के समाधान का जुमला 14 साल में भी पूरा नहीं होगा. भाजपाई झूठ के सुपर स्टॉकिस्ट हैं. झूठ भाजपा की राजनीति की बुनियाद है. जिन्होंने अपना नागरिक धर्म निभाया और बच्ची को बचाया, वे सभी प्रशंसा के पात्र हैं.
लखनऊ में सांड के हमले युवती गंभीर रूप से घायल
बता दें कि लखनऊ के चौपटिया में सांड एक युवती को पैरों तले रौंदने की कोशिश कर रहा था. स्थानीय लोगों ने यह मंजर देखा तो युवती को सांड के चंगुल से किसी तरह छुड़ाया. सांड की चपेट में आई युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है. फिलहाल, युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
भारत- अमेरिका ट्रेड डील पर भी अखिलेश ने उठाए सवाल
भारत- अमेरिका ट्रेड डील पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने ट्वीट किया है कि भारतीय बाज़ार को अमेरिकी कृषि उत्पादों व खाद्यान्नों के लिए खोल देना, हमारे देश की खेती-किसानी पर रोज़ी-बसर करने वाली 70% आबादी के साथ धोखा है.भाजपाई और उनके संगी-साथी आज़ादी से पहले भी विदेशियों के एजेंट थे, आज भी हैं. आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की बात करनेवाले भाजपाई और उनके संगी-साथी जनता के बीच जाकर बताएं कि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था के साथ धोखा करने के लिए कितना कमीशन खाया है.
अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में आगे लिखा है कि भारत- अमेरिका ट्रेड डील से केवल किसान ही नहीं, निम्न मध्यवर्ग और मध्यम वर्ग भी बुरी तरह प्रभावित होगा क्योंकि इससे खाद्यान्न और कृषि उत्पादों की मुनाफ़ाखोरी व बिचौलियों की एक नयी जमात पैदा हो जाएगी. खाने-पीने की सब चीज़ें और भी महंगी हो जाएंगी. साथ ही भाजपा इन कंपनियों से चंदा वसूली भी करेगी, जिससे खाद्य व कृषि उत्पाद और भी ज़्यादा महंगे हो जाएंगे.
‘जमीन बेचने को मजबूर हो जाएंगे किसान’
उन्होंने आगे लिखा कि धीरे-धीरे हमारे किसानों की खेतीबाड़ी और आय कम हो जाएगी और वो मजबूर होकर अपनी ज़मीन अमीरों व कारपोरेट को बेचने पर मजबूर हो जाएंगे. जमीनों पर कब्जा करना ही भाजपाई और उनके संगी-साथियों का आख़िरी मक़सद है. उन्होंने पूछा कि बीजेपी जवाब दे कि अमेरिका से ट्रेड डील करने का आखिर दबाव क्या है?