‘BJP और उनके सहयोगी अपराधियों की तरह पेश आ रहे हैं’, फॉर्म-7 को लेकर बोले अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने SIR और फॉर्म-7 के मुद्दे को लेकर बीजेपी और उनके सहयोगियों पर अपराधियों की तरह व्यवहार करने का आरोप लगाया है. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में दखल देने और फॉर्म 7 का इस्तेमाल प्रतिबंधित करने की अपील की है.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

यूपी में SIR के बाद अब फॉर्म-7 के मुद्दे पर राजनीति गरम हो चुकी है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर ट्वीट करके हुए बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा और उनके सहयोगी, अपराधियों की तरह पेश आ रहे हैं. वो उप्र के BLO को प्रताड़ित करके, दबाव बनाकर, धमकाकर पीडीए समाज, ख़ासतौर से अल्पसंख्यक समुदाय का वोट फ़र्ज़ी दस्तावेज़ों के आधार पर काटने की साज़िश कर रहे हैं.

अपने ट्वीट में अखिलेश यादव ने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट के अलावा अब किसी से उम्मीद नहीं बची है. कोर्ट को फॉर्म-7 के मसले को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए. SIR में फ़ार्म 7 के दुरुपयोग को तुरंत रोका जाना चाहिए. हर वोटर के मत देने के संवैधानिक अधिकार की रक्षा की जानी चाहिए.

फॉर्म 7 का इस्तेमाल प्रतिबंधित किया जाए-अखिलेश यादव

अखिलेश यादव आगे कहा कि BLO से ज़बरदस्ती कर रहे अपराधियों के खिलाफ एफआईआर लिखवाकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो. साथ ही जब तक वैध व्यवस्था न बन जाए, फॉर्म 7 का इस्तेमाल प्रतिबंधित किया जाए. अब तक जो फॉर्म 7 जमा हुए हैं, उन सबको रद्द-निरस्त किया जाए. दावा-आपत्ति की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए.

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि देश की जनता के वोट काटने के षड्यंत्र के पीछे कौन सी देश विरोधी ताक़तें सक्रिय हैं, इसकी न्यायिक जांच हो. देश के ईमानदार पत्रकार और अधिकारी सामने आएं और देश विरोधी ताक़तों से लड़ने में हमारा साथ दें.

अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं से की ये अपील

अखिलेश ने अपने ट्वीट में सपा के कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि पीडीए प्रहरियों हर वैध वोट बनाने-बचाने के कार्य में पूरी मुस्तैदी से लगे रहें. भाजपाइयों की धांधली को उनकी होनेवाली हार की हताशा मानें और भाजपाइयों के घपलों के सबूत इकट्ठा करके उनके ख़िलाफ़ FIR की तैयारी करें. उन्होंने आगे कहा सच तो ये है कि जैसे-जैसे पीडीए परिवार बढ़ रहा है, वैसे-वैसे भाजपाई डर रहा है.