इन चेहरों को मिलेगी योगी मंत्रिमंडल में जगह, जानें पूरी प्रोफाइल; अखिलेश ने कसा तंज

उत्तर प्रदेश में आज योगी मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है. इसमें 6 नए चेहरों को शामिल किया जाएगा. इनमें पहला नाम भूपेंद्र चौधरी का है. इसी प्रकार, मनोज पांडे, कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश राजपूत और सुरेंद्र दिलेर ने मंत्री पद की शपथ लेंगे. अखिलेश यादव ने इस विस्तार पर तंज कसते हुए कहा कि 'जब ये नौ साल में कुछ नहीं कर पाए तो इन नौ महीनों में क्या कर लेंगे.'

योगी सरकार में शामिल होंगे ये नए चेहरे Image Credit:

उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल का आज शाम को विस्तार होने जा रहा है. इसमें छह विधायकों को राज्यपाल द्वारा मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी. इनमें पहला नाम यूपी बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का है. भूपेंद्र चौधरी पश्चिमी यूपी के जाट नेता होने के साथ पार्टी संगठन में मजबूत पकड़ रखते हैं. उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट बिरादरी का बड़ा चेहरा माना जाता है. वह पीएम मोदी और अमित शाह के विश्वास पात्र लोगों में शामिल है. मुरादाबाद के रहने वाले भूपेंद्र चौधरी पूर्व में पंचायती राज कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं.

वह 2016 में पहली बार एमएलसी बने और 2022 में उन्हें दोबारा मनोनीत किया गया.इसी प्रकार दूसरे स्थान पर मनोज पांडे का नाम है. ऊंचाहार (रायबरेली) के विधायक और सपा के बागी नेता मनोज पांडेय लगातार तीसरी बार विधायक हैं. 2012, 17 और 22 में वह सपा के टिकट पर चुनाव जीते और 2024 के लोकसभा चुनावों से ठीक पहले सपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे. गृहमंत्री अमित शाह ने रायबरेली में आयोजित एक जनसभा में उन्हें खुद पार्टी में शामिल कराया था. अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सपा के मुख्य सचेतक रहे मनोज पांडेय 58 वर्ष के हैं.

इन्हें भी मिलेगी लाल बत्ती

फतेहपुर में खागा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान को भी मंत्री बनाया जा रहा है. वह पार्टी में दलित महिला चेहरा हैं. चार बार की विधायक हैं और पहला चुनाव उन्होंने 2002 में जीता. इसके बाद 2012, 17 और 22 में जीतकर विधानसभा पहुंचीं. 63 साल की कृष्णा पासवान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से विधानसभा तक पहुंची हैं और उनकी जमीनी पकड़ काफी अच्छी है. इसी प्रकार वाराणसी बीजेपी के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा को भी योगी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है. इन्हें पीएम मोदी के काफी करीब माना जाता है.

कैलाश-सुरेंद्र भी बनेंगे मंत्री

कन्नौज के तिर्वा विधानसभा सीट से विधायक कैलाश राजपूत को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है. लोधी समाज से आने वाले कैलाश राजपूत अखिलेश यादव के गढ़ में बीजेपी का ध्वज फहराते हैं. वह पार्टी के OBC चेहरे हैं. इसी प्रकार योगी मंत्रिमंडल के सबसे जवान मंत्री के रूप में सुरेंद्र दिलेर शपथ लेंगे. वह महज 31 साल के हैं और SC समाज से आते हैं. वह अलीगढ़ के खैर विधानसभा सीट से पहली बार 2024 में उपचुनाव जीत कर विधायक बने. राजनीति इनको विरासत में मिली है. इनके दादा किसन लाल दिलेर हाथरस से चार बार सांसद और पांच बार विधायक रहे हैं. वहीं पिता राजवीर दिलेर भी हाथरस से सांसद और खैर विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं.

अखिलेश ने ऐसे कसा तंज

मंत्रिमंडल विस्तार पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने तंज कसा है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफर्मा एक्स पर लिखा है कि जब ये नौ साल में कुछ नहीं कर पाए तो इन नौ महीनों में क्या कर लेंगे. उन्होंने लिखा है कि मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियां हैं. इनमें भी ज़्यादातर दूसरे दल से पाला बदल कर आए लोग हैं. इसी प्रकार उन्होंने जनता के हवाले से कई सवाल उठाते हुए पूछा है कि ⁠क्या उनमें से सबसे कमज़ोर को चुना जाएगा.

Follow Us