‘कुछ लोग जापान गए है इसलिए उमाशंकर पर छापा पड़ा’, अखिलेश का तंज.. योगी सरकार के मंत्री ने भी उठाए सवाल

बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग के छापे ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. विधायक के आवास पर सुबह से ही इनकम टैक्स की रेड चल रही है. समादवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर तंज कसते हुए इसे बदले की कार्रवाई बताया है.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उमाशंकर सिंह (फाइल फोटो) Image Credit:

बहुजन समाज पार्टी के एक मात्र विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास पर इनकम टैक्स का छापा पड़ा है. आयकर अधिकारी सुबह 7 बजे उनके आवास पर मौजूद हैं. लखनऊ के अलावा, बलिया और सोनभद्र के ठिकानों पर भी रेड मारी गई है. इस कार्रवाई से राजनीति हलचल तेज है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसपर तंज कसा है.

कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने इसे बदले की कार्रवाई करार दिया है. उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग जापान गए है इसलिए उमाशंकर के यहां छापा पड़ा है अगर यह लोग जापान न गए होते तो छापा नहीं पड़ता.’ सपा प्रमुख ने आगे कहा की सवाल यह है की क्या कभी बीजेपी वालों के यहां छापा पड़ा? बीजेपी को खुश कर दो आपके यहां छापा नहीं पड़ेगा.

कानपुर के गुटखा वालों के यहां छापा पड़ा, देखो…

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इनकम टैक्स की कार्रवाई पर यह तीखी प्रतिक्रिया उन्नाव में पत्रकारों से बातचीत में की. साथ ही उन्होंने कहा कि, ‘अभी कानपुर के गुटखा वालों के यहां छापा पड़ा. देखो अब सब सही हो गया.’ वहीं, योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने विधायक की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए छापे को असंवेदनशील बताया.

जिसने भी छापेमारी करवाई, गलत किया- बीजेपी नेता

यूपी सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता दिनेश प्रताप सिंह ने फेसबुक पोस्ट में इसपर प्रतिक्रिया दी. दिनेश प्रताप सिंह, बसपा विधायक के समधी भी हैं, उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह पिछले ढाई साल से कैंसर से जूझ रहे हैं. जिसने भी छापेमारी करवाई है, उसने गलत किया है. विधायक के कमरे में नर्स और डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है.

रसड़ा से बसपा विधायक, 52 करोड़ की संपत्ति

उमाशंकर सिंह साल 2022 में रसड़ा विधानसभा से बसपा के टिकट पर जीते थे. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 52 करोड़ की संपत्ति है. उनकी पत्नी पुष्पा सिंह C. S. INFRACONSTRUCTION की मैनेजिंग डायरेक्टर है. यह कंपनी सड़क निर्माण करने वाली बड़ी कंपनियों में से एक है. यह मामला यह संपत्ति और उनकी पत्नी की कंपनी से भी जुड़ा है.