प्यार की सजा मौत… पिता ने खुद ले ली बेटी की जान, फिर रातोंरात फूंक दिया लाश, ऐसे हुआ खुलासा

अलीगढ़ में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक पिता ने प्रेम प्रसंग के चलते 20 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी और शव को रातोंरात खेत में जला दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह घटना गोंडा थाना क्षेत्र के बसौली गांव की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

मौके पर पहुंची पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने खुद अपने ही हाथों की बेटी की हत्या की और रातोंरात लाश को जला दिया. मामला अलीगढ़ में गोंडा थाना क्षेत्र के गांव बसौली का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी पिता समेत तीन लोगों को अरेस्ट किया है. इनमें एक आरोपी का मामा और एक बाल अपचारी भी है. पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है.

पुलिस के मुताबिक युवती के प्रेमी ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शनिवार को आरोपी पिता समेत तीन लोगों को अरेस्ट किया. पुलिस के मुताबिक आरोपियों में एक जिला पंचायत सदस्य मामा भी शामिल है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि बसौली गांव में रहने वाली 20 वर्षीय युवती का कस्बे में ही दवा व्यापारी उमेश वार्ष्णेय के बेटे हर्षित के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों छिप-छिपकर मिलते थे. दोनों घर से भागकर शादी करना चाहते थे.

घर में हत्या, खेत में फूंका शव

संयोग से इसकी भनक युवती के परिजनों को लग गई. इसके बाद परिजनों ने युवती की पिटाई की और इसी पिटाई में उसकी मौत हो गई. ऐसे में परिजनों ने गुरुवार रात चुपके से शव को उठाया और खेत में ले जाकर चुपचाप जला दिया. मामले की जानकारी हर्षित को शुक्रवार की सुबह हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी. बताया कि 15 मार्च को युवती उसकी दुकान पर आई थी और परिजनों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था. उस समय पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने लिखित आश्वासन दिया और उसे अपने साथ ले गए थे.

क्या कहती है पुलिस?

लेकिन घर जाने के बाद उसे नजरबंद कर दिया गया, वहीं हत्या कर दी गई है. सीओ इगलास कमलेश कुमार के मुताबिक इस मामले में युवती के पिता अवधेश, मामा जितेंद्र कुमार और तयेरे भाई अनुराग को गिरफ्तार कर लिया है. शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी अवधेश गोंडा ब्लॉक में सचिव है. वहीं जितेंद्र कुमार जिला पंचायत सदस्य है.

पिता ने बताया सुसाइड का मामला

कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी पिता ने खुद को निर्दोष बताया. कहा कि उसकी बेटी ने सुसाइड किया है. बताया कि उनकी बेटी ने कमरे में जाकर खुद फांसी लगाई थी. उसे बचाने के लिए वह उसे हॉस्पिटल भी ले गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. बाद में उन्होंने गांव वालों के सामने उसका अंतिम संस्कार किया है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी इंटरमीडिएट के बाद शहर के ही एक कॉलेज से एलएलबी कर रही थी.

Follow Us