‘घर में होगी धनवर्षा… ‘ तांत्रिक ने तंत्र-मंत्र के नाम पर पहले ऐंठ लिए 15 लाख, फिर करा दी हत्या
उत्तर प्रदेश के बहराइच में धनवर्षा का झांसा देकर एक युवक से तांत्रिक ने 15 लाख रुपये ठग लिए. पैसे वापस मांगने पर तांत्रिक ने साजिश रचकर उसकी हत्या करवा दी. पुलिस ने आरोपी तांत्रिक पप्पू उर्फ समीर खान को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने तंत्र-मंत्र के नाम पर धोखाधड़ी और हत्या का सनसनीखेज अपराध कबूला है.
उत्तर प्रदेश के बहराइच में सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. यहां नानपारा थाना क्षेत्र ने एक युवक को धनवर्षा कराने का झांसा दिया और तंत्र-मंत्र के नाम पर 15 लाख रुपये ऐंठ लिए. इसके बाद भी पीड़ित युवक के घर की हालत नहीं बदली तो उसने तांत्रिक से अपने पैसों का तगादा शुरू कर दिया. ऐसे में तांत्रिक ने सुपारी देकर पीड़ित युवक की हत्या करा दी. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को अरेस्ट कर लिया है.
पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि यहां नानपारा कस्बे में रहने वाले अजय कुमार द्विवेदी की हत्या 29 जून को हुई थी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें तंत्र-मंत्र का इनपुट आया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी तांत्रिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इस दौरान तांत्रिक ने पहले तो पुलिस को गुमराह किया, लेकिन थोड़ी कड़ाई करते हुए आरोपी ने वारदात कबूल लिया.
ऐसे दिया था झांसा
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अजय कुमार द्विवेदी को कथित तांत्रिक पप्पू उर्फ समीर खान ने एक वीडियो भेजा था. इस वीडियो में आरोपी पप्पू ने भरोसा दिलाया था कि वह तंत्र-मंत्र के जरिए धनवर्षा करा सकता है. चूंकि अजय भी आर्थिक तंगी से गुजर रहा था, इसलिए वह आरोपी तांत्रिक के भ्रम जाल में सहज ही आ गया. मालामाल होने के चक्कर में उसने धीरे-धीरे 15 लाख रुपये आरोपी को दे दिए. बावजूद इसके, धनवर्षा तो दूर, उसके घर की हालत में मामूली सुधार भी नहीं हुआ. इससे उसे ठगी का अंदेशा हुआ और वह अपना पैसा वापस मांगने लगा.
फिर दिया वारदात को अंजाम
इधर, लगातार तगादा होने से आरोपी पप्पू उर्फ समीर खान दबाव में आ गया. उसने पैसे देने से बचने के लिए अजय कुमार को ही रास्ते से हटाने की साजिश रचनी शुरू कर दी. उसने अपने साथियों के साथ रणनीति बनाई और 29 जून को उनके साथ मिलकर अजय की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को नहर किनारे फेंककर फरार हो गए. पुलिस ने गहनता के साथ मामले की जांच-पड़ताल करते हुए अब वारदात का खुलासा किया है. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है.