फावड़े से काटकर ली पत्नी की जान, फिर घर के बाहर सो गया पति; झकझोर देगी हैवानियत की कहानी

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक सनसनीखेज हत्याकांड हुआ है. मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने नशे में धुत होकर अपनी पत्नी की फावड़े से हत्या कर दी और फिर घर के बाहर सो गया. सूचना पर पहुंचे मायके वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसमें अवैध संबंधों का भी शक जताया जा रहा है.

पुलिस फाइल फोटो Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. यहां एक युवक ने मामूली विवाद के बाद पहले फावड़े से काटकर पत्नी की हत्या की, फिर घर के बाहर आकर आराम से सो गया. सूचना मिलने पर पहुंचे महिला के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को सोते-सोते ही अरेस्ट किया है. वारदात मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में भूरेपुर गांव में रविवार सुबह की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाला संजेश यादव पुत्र सोबरन सिंह यादव बीएसएफ की 53वीं बटालियन में तैनात है. उसकी पोस्टिंग इन दिनों जम्मू में है. वह एक हफ्ते पहले ही छुट्टी पर गांव आया था. पुलिस की जांच में पता चला है कि शनिवार की रात किसी बात को लेकर वह अपनी पत्नी नीतू से झगड़ा करने लगा. इसी दौरान आरोपी ने पास में रखे फावड़े से नीतू की गर्दन और सिर पर कई वार किए. इससे मौके पर ही नीतू की मौत हो गई.

नशे में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक वारदात के वक्त आरोपी नशे में धुत था. वारदात को अंजाम देने के बाद वह बड़े आराम से घर के बाहर निकला और चबूतरे पर आकर सो गया. सुबह होने पर पड़ोसियों को मामले की जानकारी हुई तो महिला के मायके वालों को सूचित किया. इस सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को सोते-सोते अरेस्ट कर लिया है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे अवैध संबंधों की भी कहानी सामने आई है.

क्या कहती है पुलिस

थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय के मुताबिक पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि आरोपी को अरेस्ट कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. मैनपुरी एसपी गणेश प्रसाद साहा के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.

Follow Us