चलती स्कूल बस की टूट गई फर्श, सीट समेत सड़क पर गिरी बच्ची; फिर कुचलकर हो गई मौत

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक चलती स्कूल बस का फर्श टूटने से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई. बच्ची सीट समेत सड़क पर गिरी और उसी बस के पिछले पहियों से कुचल गई. यह दर्दनाक घटना स्कूल बस सुरक्षा दावों की पोल खोलती है. आक्रोशित परिजनों ने बस चालक को पकड़ा. पुलिस जांच कर रही है कि जर्जर बस को कैसे चलाया जा रहा था.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां एक चलती स्कूल बस का फर्श टूट गया. इसकी वजह से बस में सवार एक छह साल की मासूम बच्ची सीट समेत नीचे गिर गई. इसके बाद इसी बस के पिछले पहियों के नीचे आने से उसकी मौत हो गई. मामला अलीगढ़ में दादों थाना क्षेत्र का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक बस माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल की थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक मूल रूप से नाय भाय गांव के रहने वाले रवि यादव अपने परिवार के साथ यहां गंगीरी चौराहे के पास रहते हैं. उनकी छह साल की बेटी अनन्या माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाई करती थी. शनिवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह स्कूल बस में घर लौट रही थी. जैसे ही यह बस ढोलना क्षेत्र में नगला साधु गांव के पास पहुंची, स्कूल बस की फर्श टूट गई और फर्श पर लगी सीट समेत यह बच्ची नीचे सड़क पर गिर गई. इतने में इस बस का पिछला पहिया बच्ची के ऊपर से निकल गया. इससे मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई.

लोगों ने काटा बवाल

इतने में खबर मिलने पर पहुंचे बच्ची के पिता एवं अन्य लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और बुरी तरह पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया है. देखते ही देखते यह मामला इतना बढ़ गया कि लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया. यह खबर मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए. आनन फानन में 4 थानों की फोर्स मौके पर भेजी गई. बाद में सीओ छर्रा संजी व कुमार तोमर ने बड़ी मुश्किल से हालात को संभाला. इसके बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका.

हवा हो गए सरकारी दावे

यह घटना स्कूल सुरक्षा के सरकारी दावों की पोल खोलने वाली हैं. बता दें कि स्कूल बसों में फिटनेस अनिवार्य है. इसके लिए परिवहन विभाग के साथ पुलिस और स्कूल प्रबंधन की अलग लग जिम्मेदारियां तय की गई है. इसमें स्कूल बसों की फिटनेस की जांच कराने का प्रावधान है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इतने इंतजाम के बाद भी कैसे यह जर्जर बस स्कूल बस के रूप में चलाई जा रही थी. पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है.