UP RERA ने 13 प्रोजेक्ट्स को दी मंजूरी, इन 8 जिलों में बनेंगी आवासीय-व्यवसायिक यूनिट्स

यूपी रेरा ने उत्तर प्रदेश के 8 जिलों में 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है. 1300.38 करोड़ की लागत वाली इन परियोजनाओं से 1,976 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयां विकसित होंगी. यह संगठित रियल एस्टेट विकास, नियोजित शहरी विस्तार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा.

8 जिलों में 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी Image Credit:

उत्तर प्रदेश विनियामक प्राधिकरण (UP RERA) ने कुल ₹1300.38 करोड़ के अनुमानित निवेश वाली 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है. राज्य के आठ जिलों में फैली इन परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 1,976 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा, जिससे नियोजित शहरी विस्तार को और मजबूती मिलेगी.

यूपी रेरा मुख्यालय में आयोजित 200वीं प्राधिकरण बैठक में इसको मंजूरी दी गई. बैठक में विभिन्न जिलों से प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा की गई और नियामकीय मानकों के अनुरूप परियोजनाओं को स्वीकृति मिली. प्राधिकरण ने दोहराया कि समयबद्ध अनुमोदन और कड़ी निगरानी से पारदर्शिता, जवाबदेही और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी.

गाजियाबाद अग्रणी, लखनऊ में सबसे अधिक स्वीकृति

स्वीकृत परियोजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग की परियोजनाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य आवास उपलब्धता बढ़ाना और व्यावसायिक अवसंरचना को मजबूत करना है. निवेश और इकाइयों की संख्या दोनों के मामले में गाजियाबाद अग्रणी रहा. जिले में ₹767.58 करोड़ की लागत वाली दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई.

गाजियाबाद में इसके तहत कुल 1,137 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा. इससे गाजियाबाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रमुख रियल एस्टेट गंतव्य के रूप में और मजबूत होगा. वहीं, लखनऊ में सबसे अधिक परियोजनाओं को स्वीकृति मिली. राज्य की राजधानी में ₹66.55 करोड़ लागत की कुल पांच परियोजनाएं मंजूर की गईं.

लखनऊ में इन परियोजनाओं के तहत 404 इकाइयों का विकास होगा, जिनमें दो आवासीय, दो व्यावसायिक और एक मिश्रित उपयोग की परियोजना शामिल है. इससे शहर के ढांचे का संतुलित विकास होगा. गौतम बुद्ध नगर में ₹141.14 करोड़ लागत की एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसके अंतर्गत 21 व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण होगा.

मथुरा, सहारनपुर, वाराणसी और मुरादाबाद भी शामिल

वहीं, मथुरा में ₹160.93 करोड़ लागत की एक आवासीय परियोजना को स्वीकृति दी गई, जिसके तहत 198 आवासीय इकाइयाँ विकसित की जाएंगी. इसी प्रकार सहारनपुर में ₹131.49 करोड़ लागत की एक आवासीय परियोजना मंजूर की गई है, जिसमें 83 आवासीय इकाइयों का विकास होगा. जबकि बरेली में ₹16.33 करोड़ लागत की एक आवासीय परियोजना हैं.

बरेली में इसके तहत 84 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी. वहीं, वाराणसी में ₹2.50 करोड़ लागत की एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत 20 व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण होगा. इसके अलाबा मुरादाबाद में ₹13.86 करोड़ लागत की एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें 29 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी.

आर्थिक गतिविधि, रोजगार और रियल एस्टेट को बढ़ावा

इन परियोजनाओं में ₹1,300.38 करोड़ से अधिक का कुल निवेश निर्माण चरण के दौरान रोजगार के अवसर उत्पन्न करेगा. निर्माण सामग्री, श्रम, इंजीनियरिंग सेवाओं, परिवहन और अन्य संबंधित क्षेत्रों में मांग बढ़ने से संबंधित जिलों की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. यूपी रेरा के अध्यक्ष ने बताया कि इससे निवेशकों का विश्वास और मजबूत होगा. ,

यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शी और सुव्यवस्थित विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. 200वीं प्राधिकरण बैठक एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और उत्तर प्रदेश में निरंतर विकास की गति को दर्शाती है. इस बैठक में दी गई स्वीकृतियों से निवेशकों का विश्वास और मजबूत होगा और रियल एस्टेट विकास को बढ़ावा मिलेगा.

Follow Us