दूसरी शादी और मकान का विवाद… खुद बेटे ने क्यों ली पिता की जान? सामने आई वजह

अलीगढ़ में बेटे रिहान ने दूसरी शादी और संपत्ति विवाद के चलते अपने पिता बादशाह अली की हत्या कर दी. पिता दूसरी पत्नी को घर देना चाहते थे, जिसके सदमे से पहली पत्नी नगीना की मौत हो गई. मां की मौत का बदला लेने के लिए रिहान ने यह कदम उठाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

हत्यारोपी बेटा और उसका दोस्त अरेस्ट Image Credit:

अलीगढ़ में एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पिता की हत्या कर दी. आरोपी बेटे ने अपने पिता के ऊपर चाकू से तब तक बार किया, जब तक कि उसके पिता ने दम नहीं तोड़ दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वारदात की सनसनीखेज वजह सामने आ गई. पता चला कि उसके पिता ने दूसरी शादी की थी और मकान इस दूसरी महिला के नाम करने वाला था.

मामला अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला किला का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले आरोपी रिहान अपनी मां के साथ रहता था. उसके पिता बादशाह अली ने उसकी मां को छोड़कर एक दूसरी युवती के साथ निकाह कर लिया था. यही नहीं, आरोप है कि बादशाह अली अब रिहान और उसकी मां नगीना को बेदखल करना चाह रहा था. इसकी वजह से रिहान की मां परेशान रहने लगी और कुछ ही दिन बाद उसकी मौत हो गई. इसके बाद तो बादशाह अली ने दूसरी बीवी को घर लाकर बैठा दिया था.

बदले की भावना से रची साजिश

यह देखकर रिहान का खून खौल उठा. उसने अपने चरित्रहीन पिता बादशाह अली को सबक सिखाने के लिए अपने दोस्त समीर से मदद मांगी और फिर दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दे दिया. वारदात के बाद दोनों ने शव को उठाकर पंजीपुर गांव के पास ड्रेन के पास ठिकाने लगा दिया. यही से 17 जुलाई की रात पुलिस ने शव बरामद किया था. शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया और मामले की जांच करते हुए अब वारदात का खुलासा किया है.

सर्विलांस से खुला हत्या का राज

पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से मामले की जांच शुरू की. इस दौरान मृतक बादशाह अली के बेटे रिहान की हरकतें संदिग्ध लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने यह चौंकाने वाला खुलासा किया. बताया कि उसने अपनी मां की मौत का बदला लिया है. पुलिस ने आरोपी रिहान की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है.

Follow Us