बारिश से बेहाल होगा यूपी! अगले 24 घंटे भारी, IMD ने 12 जिलों के लिए जारी किया रेड अलर्ट

IMD ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाले मजबूत मानसूनी प्रवाह के कारण उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. IMD ने अगले 24 घंटे के लिए 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है.

यूपी में भारी बारिश का अलर्ट Image Credit:

दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के बाद एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर तेज होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 12 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं जिलों के आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान अत्यधिक भारी बारिश होने की संभवाना है. इस दौरान बिजली चमकने और आंधी-तूफान आने का अनुमान है.

मुरादाबाद से जालौन तक ‘येलो अलर्ट’ भी जारी

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आने वाले मजबूत मानसूनी प्रवाह के कारण उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है और इस दौरान अनेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 21 से 25 जुलाई तक दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है.

गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन में भी बारिश का अनुमान है.

पूर्वी यूपी में अब तक सामान्य से 33% कम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 174 मिमी बारिश बरेली के बहेड़ी में दर्ज की गई. इसके बाद बिजनौर के मुसमरी में 160 मिमी, रामपुर के कालीनगर में 152.4 मिमी और शाहजहांपुर के पुवायां में 150.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं, अब तक राज्य में सामान्य 266.2 के मुकाबले केवल 204.2 मिलीमीटर बारिश हुई है.

IMD के 20 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 33 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है. वहीं, मौसम विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. साथ ही अगले दो-तीन दिनों तक तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, जिससे उमस से राहत मिल सकती है.

Follow Us