राम मंदिर: SBI की निगरानी में होगी चढ़ावे की गिनती, इन्हें दी गई जिम्मेदारी

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दानराशि की गिनती की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. अब मंदिर के दान पात्रों में जमा नकद चढ़ावे की गिनती भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की निगरानी में होगी. ट्रस्ट ने नकदी गिनती की पूरी जिम्मेदारी एसबीआई को सौंप दी है. साथ ही चार सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं, जो दो पालियों में होने वाली गिनती की निगरानी करेंगे.

प्रतीकात्मक तस्वीर Image Credit: AI Generated

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दानराशि की गिनती व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. अब मंदिर के दान पात्रों में जमा नकद चढ़ावे की गिनती भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की निगरानी में की जाएगी. एक सप्ताह तक परीक्षण के बाद रविवार से नई व्यवस्था औपचारिक रूप से लागू कर दी गई है. ट्रस्ट ने दानराशि की गिनती की पूरी जिम्मेदारी एसबीआई को सौंप दी है.

नई व्यवस्था के तहत अब नकदी की गिनती दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगी. प्रत्येक शिफ्ट में 10 से 12 सदस्यों की टीम तैनात की गई है, ताकि प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके.

चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद बदली व्यवस्था

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट ने पूरी व्यवस्था की समीक्षा की. इस मामले में पूर्व प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के बाद ट्रस्ट ने शोभनाथ मिश्रा को नकदी गिनती का नया प्रभारी नियुक्त किया है. ट्रस्ट का मानना है कि नई व्यवस्था से दानराशि की गिनती में पारदर्शिता बढ़ेगी और भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना कम होगी.

निगरानी के लिए चार सुपरवाइजर तैनात

नकदी गिनती की प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के लिए ट्रस्ट ने चार सुपरवाइजर भी नियुक्त किए हैं. इनमें एक पूर्व सैनिक भी शामिल हैं. इसके अलावा ट्रस्ट के सुरक्षा प्रभारी एवं सेना के पूर्व अधिकारी कैप्टन केके तिवारी को पूरी प्रक्रिया की दैनिक निगरानी और रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी दी गई है. पूर्व रक्षाकर्मी एसपी दुबे और शेषमणि तिवारी को भी ट्रस्ट की ओर से निगरानी व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है. ताकि गिनती पारदर्शी तरीके से हो सके.

एसआईटी जांच के बाद उठाया गया कदम

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला पिछले महीने सामने आया था. आरोपों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था. एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच अभी भी जारी है और एसआईटी विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

Follow Us