धूमधाम से हुई शादी, फिर पिया संग ससुराल चली दुल्हन; रास्ते में मिला बॉयफ्रेंड और हो गया बवाल
अंबेडकरनगर में धूमधाम से हुई शादी के बाद दुल्हन को लेकर दूल्हा ससुराल जा रहा था, तभी बीच रास्ते में प्रेमी ने गाड़ी रोक दी और दुल्हन पर अपना हक जताया. हंगामा बढ़ने पर पुलिस बुलाई गई. थाने में घंटों पंचायत के बाद दूल्हा-दुल्हन पक्ष में समझौता हुआ और शादी टूट गई. प्रेमी पर शांति भंग की कार्रवाई हुई. यह घटना सोशल मीडिया पर खूब वायरल है.
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक शादी समारोह के बाद कुछ ऐसा हुआ कि पूरी घटना सोशल मीडिया में वायरल हो गई. दरअसल यहां एक युवक और युवती की बड़े धूमधाम से शादी हुई. इसके बाद दुल्हन पक्ष ने अपनी क्षमता के मुताबिक दान दहेज देकर दूल्हे के साथ दुल्हन को विदा कर दिया. दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर ससुराल से चला ही था कि बीच रास्ते में दुल्हन के प्रेमी ने उसकी गाड़ी को घेर लिया. दुल्हन पर अपना हक जताते हुए वह अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा.
बवाल बढ़ने पर दुल्हन पक्ष के लोग भी पहुंचे. इससे हंगामा बढ़ गया. इस बवाल की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों पक्षों को थाने में लाकर बैठा दिया. इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच घंटों पंचायत हुई और आखिर में दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया और शादी टूट गई. दूल्हा बिन दुल्हन के ही बारात लेकर अपने घर लौट गया. इधर, दुल्हन पक्ष के लोग भी अपने घर लौट गए.
प्रेमी पर हुआ ये एक्शन
चूंकि किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी थी, ऐसे में पुलिस ने शांति भंग की धाराओं में दुल्हन के प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिलने की वजह से प्रेमी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई हुई है. यह पूरा मामला अंबेडकर नगर में अलीगंज थाना क्षेत्र में सैदापुर खास पुर गांव का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाली महिमा पुत्री परशुराम की गोसाईंगंज अयोध्या के रहने वाले दिनेश कुमार के साथ बुधवार को शादी हुई थी.
सोशल मीडिया में खूब हो रही चर्चा
इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया में इस समय खूब हो रही है. कुछ लोग इस घटना से हैरान हैं तो कुछ लोग चुटकी ले रहे हैं. वहीं बड़ी संख्या में लोग इस घटना में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने जब आपस में समझौता ही कर लिया तो कार्रवाई का कोई सवाल ही नहीं उठता.