फार्म 7 पर रार… अमेठी-इटावा में BLO से मारपीट, BJP नेताओं पर आरोप; अखिलेश-शिवपाल भी मैदान में उतरे

उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया में फॉर्म 7 को लेकर बवाल मचा है. अमेठी और इटावा में बीएलओ से मारपीट व सरकारी दस्तावेज छीनने के आरोप भाजपा नेताओं पर लगे हैं. इस घटना ने सियासी पारा चढ़ा दिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव और शिवपाल यादव ने मोर्चा खोलते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

इटावा अमेठी में बीएलओ से मारपीट पर माहौल गरम Image Credit:

चुनाव आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश में कराए जा रहे एसआईआर प्रक्रिया में फार्म 7 को लेकर शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा. जौनपुर में इस फार्म पर हुए बवाल के बाद अमेठी और इटावा जिले में भी इसी तरह की घटना हुई है. यहां पर बीएलओ के साथ मारपीट और सरकारी दस्तावेज छीनने का मामला सामने आया है. आरोपी बीजेपी नेताओं पर है. मामला संज्ञान में आने पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भी मोर्चा खोल दिया है.

पहले कहानी अमेठी की. यहां आरोप है कि अमेठी विधानसभा के विधानसभा के ठेंगहा गांव में बीजेपी के पदाधिकारियों ने एक महिला बीएलओ और उसके पति से मारपीट की और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की. एसडीएम को दिए शिकायत में बीएलओ ने बताया कि बीजेपी नेताओं ने उनके ऊपर मन मुताबिक काम नहीं करने का आरोप लगाया. इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें बीजेपी नेता अमरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू और उनके सहयोगी विजयपाल उपाध्याय द्वारा महिला से बातचीत करते नजर आ रहे हैं.

बीजेपी जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

इस घटना को लेकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट किया. मामला गरमाते देख बीजेपी के जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने सफाई दी. कहा कि वह मौके पर नहीं थे, कुछ कार्यकर्ता वहां थे. उन्होंने कहा कि बीएलओ के पति कांग्रेस से जुड़े हैं और इन लोगों को बीजेपी के बढ़ते वोट बैंक को देखकर बौखलाहट हो रही है. इसी तरह की घटना इटावा जिले में भी हुई है. यहां भी एक बीएलओ के साथ मारपीट, मोबाइल फोन तोड़ने और वोटर फॉर्म सहित सरकारी दस्तावेज छीनकर ले जाने का आरोप है.

फार्म 7 भरने से मना करने पर विवाद

बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा मड़ैया अहिरान निवासी बीएलओ अश्वनी कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी खुद को बीजेपी का नेता बता रहा था. वह अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए दबाव बनाने आया था. मना करने पर हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी. बीएलओ ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है. वहीं मामले की जानकारी होने पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.

जांच में जुटी पुलिस

बीएलओ की शिकायत पर चौबिया थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी महेंद्र कुमार के मुताबिक दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है. मामले की जांच हो रही है. दोनों ही मामलों में फॉर्म 7 के गलत इस्तेमाल का आरोप है. इन दोनों ही मामलों को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है. शिवपाल सिंह यादव ने इस संबंध में खुद इटावा के डीएम और एसएसपी से मुलाकात की है.