अमरोहा में औद्योगिक गलियारा! गंगा एक्सप्रेस-वे से बदलेगी जिले की तकदीर, ऐसे आएगी रोजगार की बहार

गंगा एक्सप्रेसवे के नए अलाइनमेंट से अमरोहा जिले में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है. यूपीडा ने गजरौला के बाद अमरोहा में एक नए औद्योगिक गलियारा प्लान किया है. यह औद्योगिक गलियारा मंगरौला में 2200 बीघे पर बनेगा. इसके लिए 1300 बीघे जमीन का अधिग्रहण भी हो चुका है. यह परियोजना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगी और किसानों को भूमि अधिग्रहण से लाभान्वित करेगी.

गंगा एक्सप्रेसवे Image Credit:

उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिले की तकदीर बदलने वाली है. गंगा एक्सप्रेस-वे के नए अलाइनमेंट से इस जिले में औद्योगिक विकास के रास्ते खुल गए हैं. उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने अमरोहा के मंगरौला से निकलने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के पास एक औद्योगिक गलियारा बनाने का फैसला किया है. यह औद्योगिक गलियारा करीब 2200 बीघे जमीन पर बनेगा. इसमें से 1300 बीघे जमीन का अधिग्रहण भी हो गया है. वहीं बाकी जमीन के अधिग्रहण की कवायद तेज कर दी गई है.

बता दें कि यूपीडा ने दो दिन पहले ही गंगा एक्सप्रेस-वे का नया अलाइमेंट अप्रूव कराया है. यह अलाइनमेंट गंगा एक्सप्रेस-वे विस्तार को लेकर है. इसमें गंगा एक्सप्रेस-वे का विस्तार हरिद्वार तक किया जाना है. पहले यह विस्तार मेरठ से होना था, लेकिन नए अलाइनमेंट में गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार अमरोहा से बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक करने को मंजूरी मिल गई है. माना जा रहा है कि अमरोहा में मंगरौला के पास से इस एक्सप्रेस-वे को निकालकर हरिद्वार तक ले जाया जाएगा.

किसानों के खुल गए भाग्य

गंगा एक्सप्रेस-वे के नए अलाइनमेंट से अमरोहा के किसानों के भाग्य खुल गए हैं. दरअसल, इस एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण में उनकी जमीनों के अच्छे भाव मिल जाएंगे. इसी प्रकार बड़े स्तर पर औद्योगिक गलियारे के लिए भी जमीन का अधिग्रहण होना है. इससे किसानों को अच्छा खासा मुआवजा मिलने का अनुमान है. वहीं खेतों में होने वाली पैदावार को बड़ी मंडियों तक पहुंचाने के लिए भी सहज मार्ग उपलब्ध हो सकेगा.

मंगरौला में बनेगा औद्योगिक गलियारा

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गंगा एक्सप्रेस-वे के पास अमरोहा की हसनपुर तहसील के मंगरोला गांव में औद्योगिक गलियारा बनाया जाएगा. यह औद्योगिक गलियारा गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ बनेगा. माना जा रहा है कि अब तक अधिग्रहित 1300 बीघे जमीन पर जल्द ही छोटी बड़ी औद्योगिक यूनिटों के लगाने का काम शुरू हो जाएगा. इन यूनिटों के शुरू होने पर बड़ी संख्या में रोजगार पैदा होगा. उम्मीद है कि इसका भी बड़ा लाभ अमरोहा वासियों को मिल सकेगा.

पहले से औद्योगिक बेल्ट

उत्तर प्रदेश का अमरोहा पहले से औद्योगिक बेल्ट है. दिल्ली लखनऊ हाईवे पर इस जिले के गजरौला को पहले ही औद्योगिक नगरी के रूप में विकासित किया गया था. इसमें आज भी दो दर्जन से अधिक औद्योगिक यूनिटें संचालित हो रही हैं.इनमें जूबिलेंट लाइफ साइंसेज और तेवा एपीआई प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं. अब गजरौला की ही तर्ज पर एक नया औद्योगिक गलियारा गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे मंगरोला में बनने जा रहा है. माना जा रहा है कि इसमें कई एमएनसीज को जगह मिल सकती है.

Follow Us