श्रावस्ती के लाल ने एशिया कप में लहराया तिरंगा, आशुतोष ने ताइक्वांडो में जीत गोल्ड मेडल

उत्तर प्रदेश के छोटे से जिले के एक लाल ने खेल की दुनिया में वो मुकाम हासिल किया है, जिस पर आज पूरा देश नाज कर रहा है. श्रावस्ती के आशुतोष त्रिपाठी 'सत्यम' ने एशिया कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर इतिहास रच दिया है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराकर पूरे देश का मान बढ़ाया है.

श्रावस्ती के आशुतोष त्रिपाठी ने ताइक्वांडो जीता स्वर्ण पदक Image Credit:

हौसलों में उड़ान हो और इरादे फौलादी, तो मंजिल कदम चूमती ही है. इस बात को सच साबित कर दिखाया है उत्तर प्रदेश के छोटे से जिले श्रावस्ती के एक युवा खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी ‘सत्यम’ ने. आशुतोष ने 9वीं एशिया कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है.

गोवा के मापुसा स्थित पेडेम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एशिया कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में आशुतोष ने सीनियर पुरुष अंडर-68 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले में उनका सामना श्रीलंका के एक मजबूत खिलाड़ी से हुआ. मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, आशुतोष ने प्रतिद्वंद्वी को पराजित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया.

यह गोल्ड मेडल पूरे देश की है- आशुतोष त्रिपाठी

स्वर्ण पदक जीतने के बाद आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि यह गोल्ड मेडल केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे देश की है. उन्होंने कहा कि जब पुरस्कार समारोह के दौरान तिरंगा लहराया गया और राष्ट्रगान बजा, तो वह पल उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण था. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और सभी देशवासियों को दिया.

उनका कहना है कि, ‘अगर खिलाड़ी लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरे जोश से खेलता है, तो उसे निश्चित ही सफलता मिलती है. इस मुकाम तक पहुंचने के लिए मैंने कड़ी मेहनत की थी. आगे का लक्ष्य देश के लिए और भी बड़े मेडल जीतना है.’ यकीनन, आशुतोष की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है, अगर लगन सच्ची हो, तो आसमान भी छोटा पड़ जाता है.

पूरे जिले में जश्न का माहौल, लोगों ने बांटी मिठाईयां

जैसे ही आशुतोष के स्वर्ण पदक जीतने की खबर उनके गृह जनपद श्रावस्ती पहुंची, पूरे जिले में जश्न का माहौल है. लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया. सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आशुतोष ने न केवल श्रावस्ती, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है.

Follow Us