बिजली के तारों से निकली चिंगारी, 200 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख… औरैया में किसानों पर टूटा संकट
औरैया में गेहूं की तैयार फसल में लगी भीषण आग से किसानों को भारी क्षति हुई है. तीन गांवों में लगभग 200 बीघा फसल जलकर राख हो गई. फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रशासन ने प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजे का आश्वासन दिया है.
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में गेहूं की तैयार फसल में अचानक लगी भीषण आग ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है. बेला थाना क्षेत्र के दलपपुर और पुरवा भदौरिया गांव में लगी इस आग में करीब 200 बीघा से अधिक फसल जलकर राख हो गई. आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों के साथ फायर ब्रिगेड की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
औरैया के बेला थाना क्षेत्र के पुरवा भदौरिया गांव में अचानक गेहूं के खेतों में आग लग गई. आग की लपटें देखते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि आग का विकराल रूप इतना भयानक था कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया. ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार प्रयास करते रहे.
लेखपालों को नुकसान का सर्वे करने के आदेश
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. लेकिन तब तक करीब 200 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी. बेबस किसान अपनी मेहनत को जलते हुए देखते रह गए. किसानों पर संकट टूट पड़ा है, वो सरकार से सहायता और भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपालों को नुकसान का सर्वे करने के लिए लगाया गया है. प्रशासन का कहना है कि सर्वे पूरा होते ही प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा.
बिजली तारों से चिंगारी की समस्या का चाहिए हल
किसानों के अनुसार, आग बिजली के तारों में हुई स्पार्किंग से लगी हैं लेकिन इस घटना ने एक बार फिर किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. प्रशासन राहत पहुंचाने की बात कर रहा है, अब देखना होगा कि पीड़ित किसानों को कब तक सहायता मिल पाती है. बिजली के तारों से निकली चिंगारी से फसल जलने का मामला नया नहीं है, ऐसे में सुरक्षा के उपाय जरुरी हैं.