यूपी पुलिस की परीक्षा देने जा रहीं दो लड़कियों से ऑटो चालक ने की रेप की कोशिश, पुलिस ने एनकाउंटर कर दबोचा
लखनऊ में यूपी पुलिस की परीक्षा देने जा रहीं दो लड़कियों से रेप की कोशिश करने वाले ऑटो चालक को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदोई जिले के कछौना निवासी हसीब के रूप में हुई है.
राजधानी में महिला सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. पुलिस भर्ती परीक्षा देने आईं दो महिला अभ्यर्थियों को ऑटो चालक ने बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया. दोनों युवतियों के साहस और सूझबूझ से आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका. घटना के करीब 20 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी के पैर में लगी गोली
पारा थाना क्षेत्र के डॉक्टरखेड़ा इलाके में सोमवार तड़के हुई इस घटना में गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदोई जिले के कछौना निवासी हसीब के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
लखीमपुर से आई थीं लड़कियां
पुलिस के मुताबिक दोनों युवतियां लखीमपुर खीरी के मैलानी क्षेत्र की रहने वाली हैं और पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए लखनऊ आई थीं. वे विकासनगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर रुकी थीं. सोमवार तड़के करीब तीन बजे दोनों रैपिडो बाइक से चारबाग पहुंचीं और वहां से आलमबाग बस अड्डे जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुईं.
सुनसान रास्ते पर ऑटे ले गया ड्राइवर
रास्ते में आलमबाग थाने के सामने पहुंचने पर चालक ने सड़क खराब होने का बहाना बनाया और ऑटो को दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया. इसके बाद वह दोनों युवतियों को पारा क्षेत्र के डॉक्टरखेड़ा स्थित सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने दुष्कर्म का प्रयास किया.
ऐसे बचीं दोनों युवतियां
हालात को भांपते हुए एक युवती ने आरोपी की उंगली पर दांत से काट लिया. इसके बाद दोनों सहेलियों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार मौके पर पहुंच गया. लोगों की आहट मिलते ही आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया.
दोनों अभ्यर्थियों को पुलिस सुरक्षा में परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया
बाइक सवार की सूचना पर पहुंची पारा पुलिस ने पीड़िताओं की तहरीर पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. वहीं, डरी-सहमी दोनों अभ्यर्थियों को पुलिस सुरक्षा में रायबरेली स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया, जहां उन्होंने परीक्षा दी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, ऑटो के रूट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. देर रात पुलिस टीम से हुई मुठभेड़ में आरोपी हसीब घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
दोनों अभ्यर्थियों की बहादुरी ने बचाई अस्मत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि युवतियां साहस और सूझबूझ का परिचय नहीं देतीं तो घटना और गंभीर हो सकती थी. एक युवती द्वारा आरोपी की उंगली काटने और दोनों के शोर मचाने से आरोपी घबरा गया और वारदात को अंजाम दिए बिना भाग निकला.