पहले पत्नी से पति को मरवाया, फिर घर में डाला ‘डाका’, नकली नेवी का जवान निकला बॉयफ्रेंड
उत्तर प्रदेश के बागपत में सचिन हत्याकांड का हैरतंगेज खुलासा हुआ है. पत्नी ने एक फर्जी इंस्टाग्राम नेवी बॉयफ्रेंड के कहने पर पति की हत्या की, पर वह खुद ठगी गई. आरोपी बॉयफ्रेंड नेवी का जवान नहीं, बल्कि लड़कियों को झांसे में फंसाकर उनका यौन शोषण और ठगी करने वाला शातिर जालसाज निकला. पुलिस अब आरोपी सोनू की तलाश में जुटी है.
उत्तर प्रदेश में बागपत के सचिन हत्याकांड में हैरतंगेज खुलासा हुआ है. जिस इंस्टाग्राम वाले बॉयफ्रेंड के चक्कर में महिला ने अपने पति की हत्या की थी, वो खुद ठगी गई है. दरअसल, महिला को इस बॉयफ्रेंड ने खुद का परिचय नेवी के जवान के रूप में दी थी. झांसा दिया था कि पति की हत्या करने के बाद वह उससे शादी कर लेगा. अब पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी इसी तरह का झांसा कई अन्य लड़कियों और महिलाओं को देकर उनका यौन शोषण कर चुका है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी का नेवी से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है. उसने लड़कियों और महिलाओं को झांसे में लेने के लिए ही इंस्टाग्राम पर प्रोफाइल में नेवी की वर्दी वाली फोटो लगाई थी. आरोपी की इस प्रोफाइल को देख लड़कियां सहज ही आकर्षित हो जाती थी और आरोपी उन्हें झांसे में लेकर उनका यौन शोषण करता था. बाद में आरोपी उनके नंबर और प्रोफाइल को ब्लाक कर देता था. इस इनपुट के बाद पुलिस की दो टीमें आरोपी की धरपकड़ में जुट गई हैं.
ये है मामला
पुलिस के मुताबिक बीते शुक्रवार को नौरोजपुर गुर्जर गांव में रहने वाले एक युवक सचिन की हत्या हो गई थी. यह वारदात खुद सचिन की पत्नी रचना ने ही रंछाड़ के रहने वाले अपने बॉयफ्रेंड सोनू के साथ मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस ने रचना को अरेस्ट कर पूछताछ की तो सोनू के बारे में पता चला. इसके बाद पुलिस ने सोनू की कुंडली खंगाली तो पता चला कि वह आवारा किस्म का युवक है. उसका इंडियन नेवी या मर्चेंट नेवी से कोई वास्ता नहीं है. इंस्टाग्राम प्रोफाइल में उसने जो वर्दी के साथ तस्वीर लगाई है, वो भी नकली है.
पड़ोसियों ने बताई आरोपी की जालसाजी
पुलिस ने आरोपी के गांव में दबिश दी. इस दौरान आरोपी तो नहीं मिला, लेकिन उसके पड़ोसियों ने उसकी जालसाजी की कहानी पुलिस के सामने बयां कर दी. पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी सोनू खुद को नेवी का जवान बताकर लड़कियों और महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाता था. फिर उनका यौन शोषण करता और पैसे ऐंठ कर उनकी आईडी को ब्लाक कर देता था. पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कई लड़कियों के साथ इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया है.
लाश के पास ही बनाया था संबंध
बता दें कि आरोपी ने खुद ही रचना को नशीली गोलियां लाकर दी थी. इन गोलियों को रचना ने खीर में मिलाकर सचिन को खिला दिया. वहीं जब सचिन बेहोश हो गया तो आरोपी ने वहीं पर रचना के साथ संबंध बनाए. इसी दौरान सचिन को होश आने लगा तो दोनों ने मिलकर सचिन की गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद सोनू रचना के घर में रखे ढाई लाख रुपये और काफी सारे जेवर लेकर मौके से फरार हो गया था. फिलहाल पुलिस ने रचना को तो जेल भेज दिया है, लेकिन उसके बॉयफ्रेंड सोनू की तलाश में दबिश तेज कर दी है.