बाईक पर घूम रहे कपल पर तेंदुए का अटैक, 15 मिनट की जंग में पति ने बचाई पत्नी की जान
बहराइच में एक बाइक सवार दंपति पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. इस दौरान पति ने 15 मिनट तक अपनी और अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए संघर्ष करते रहे. इस घटना में पीड़ित पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. वहीं, पति के हाथ पर तेंदुए के हमले से गंभीर घाव हो गया है.
बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार दंपति पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. जनार्दन और सुशीला नामक दंपति पर हुए इस हमले में जनार्दन ने 15 मिनट तक संघर्ष कर अपनी पत्नी की जान बचाई. हालांकि सुशीला गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बिछिया बैरियर और मोटे बाबा के बीच की है. बाइक सवार दम्पति पर झाड़ियां से निकलकर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. पीड़ित जनार्दन ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुशीला के साथ बाइक से नरैहटा से बिछिया की ओर जा रहे थे. वह अपनी बहन से मिलने जा रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया और यह घटना घटी.
पत्नी को बचाने के लिए तेंदूए से भिड़ गया पति
पीड़ित ने बताया कि जब उनकी बाइक बिछिया बैरियर पार की, इसी दौरान रास्ते में झाड़ियां से निकलकर तेंदुए ने अचानक उनकी पत्नी पर हमला कर दिया. इसमें जनार्दन के हाथ पर गंभीर घाव हो गया. पीड़ित ने बताया कि हमला होने के बाद शोर मचाकर लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई भी उनकी सहायता के लिए आगे नहीं आया.
पीड़ित ने बताया कि वे कम से कम 15 मिनट तक अपनी और अपनी पत्नी की जान तेंदूए से बचाने के लिए संघर्ष करते रहे. आखिरकार, किसी तरह वे अपनी जान बचाकर वहां से सुरक्षित निकलने में सफल रहे. घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.
तेंदूए से निपटने के लिए इंतजाम नहीं, लोगों में दहशत
क्षेत्र में इस तरह की घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बिछिया बैरियर के आसपास तेंदूए की गतिविधियां लगातार बढ़ी हुई हैं. इसके बावजूद इससे निपटने के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं होने से लोगों में भय व्याप्त है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.