‘साहब, समाज क्या कहेगा’, पति ने रील देखने पर टोका तो प्रेमी संग 3 बच्चों की मां फरार
सोशल मीडिया रील्स का जुनून कैसे परिवारों को तोड़ रहा है, इसका एक चौंकाने वाला मामला श्रावस्ती से सामने आया है. इंस्टाग्राम पर रील बनाने से पति के टोकने पर पत्नी नाराज़ होकर अपने तीन बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई. वह घर से नगदी और जेवर भी ले गई.
सोशल मीडिया की लत और रील्स बनाने का जूनून आज के दौर में किस कदर परिवारों को तबाह कर रहा है, इसका एक जीता-जागता मामला श्रावस्ती से सामने आया है. यहां एक पति को अपनी पत्नी को इंस्टाग्राम पर रील बनाने से रोकना बेहद भारी पड़ गया. नाराज होकर पत्नी अपने तीन मासूम बच्चों को बिलखता छोड़, प्रेमी के साथ फरार हो गई.
यह पूरा मामला श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के भंवरी भगवानपुर गांव का है. पति का आरोप है कि उसकी पत्नी दिन-रात इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने में व्यस्त रहती थी. जब पति ने लोक-लाज और बच्चों की दुहाई देकर उसे रील बनाने से मना किया, तो पत्नी ने एक खौफनाक कदम उठा लिया. पत्नी घर से करीब 90 हजार रुपये नगद और कीमती जेवरात भी ले गई.
‘पत्नी प्रेमी के साथ रहना चाहती है तो आपत्ति नहीं’
दिल को झकझोर देने वाली बात यह है कि वो अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों की ममता को भी भूल गई. पत्नी के जाने के बाद से बेबस पति अकेले ही इन मासूम बच्चों की देखभाल कर रहा है और आंसू बहा रहा है. पीड़ित पति ने न्याय की गुहार लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया है. जिसमें महिला की बरामदगी और घर से चोरी हुआ सामान वापस दिलाने की मांग की है.
दिलचस्प और हैरान करने वाली बात यह भी है कि पति का कहना है कि अगर पत्नी अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहना चाहती है तो उसे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जो गाढ़ी कमाई के रुपये और जेवर वो ले गई है, वो वापस मिलने चाहिए. साथ ही, भविष्य में पत्नी के साथ कोई अनहोनी हो तो उसका ठीकरा पति पर न फूटे, इसलिए बयान दर्ज किए जाए.
साहब, वो दिन-भर मोबाइल में रील बनाती रहती थी
पीड़ित पति ने पूछताछ में कहा, ‘साहब, वो दिन-भर मोबाइल में रील बनाती रहती थी. मैंने बस इतना कहा कि समाज क्या कहेगा, बच्चों पर ध्यान दो. इसी बात पर नाराज होकर वो तीन बच्चों को छोड़ गई. घर में रखा 90 हजार नगद और जेवर भी उठा ले गई. वो जहां रहना चाहती है रहे, मुझे दिक्कत नहीं है, लेकिन मेरे पैसे-जेवर दिलाए जाएं.’
पीड़ित पति ने पुलिस से मांग की है कि अगर पत्नी द्वारा कल कुछ गलत कदम उठाए तो उसकी जिम्मेदारी मेरी न हो, बस यही लिखवाना चाहता हूं’. इसलिए वह इसे पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज कराना चाहता है. फिलहाल, इस अनोखे मामले को लेकर पूरे गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पीड़ित पति इससे परेशान होकर कार्रवाई की आस में थाने की चौखट पर खड़ा है.