बलिया में मुंडन समारोह में मातम, गंगा घाट पर सेल्फी लेते दो सगी बहन समेत चार डूबे
बलिया के शिवरामपुर घाट पर मुंडन संस्कार के दौरान चार युवक-युवतियां गंगा नदी में डूब गए. ये सभी एक ही परिवार के रिश्तेदार थे. गहरे पानी में जाने के कारण यह हादसा हुआ. जिला प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सभी चार शव बरामद कर लिए हैं.
बलिया में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. जहां मुंडन संस्कार के दौरान चार युवक-युवतियां गंगा नदी में डूब गए. ये सभी एक ही परिवार के रिश्तेदार थे और शिवरामपुर घाट पर मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे. ये सभी नहाते समय सेल्फी लेने के दौरान गहरे पानी में चले गए और एक दूसरे को बचाने के चक्कर में डूब गए.
घटना के बाद मुंडन संस्कार समारोह में मामत छा गया. घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा और मछुवारों कि मदद से तलाश शुरू कर दी. काफी प्रयास के बाद चारों युवक-युवतियों का शव बरामद कर लिया. सभी डूबे हुए लोग एक ही जहग फेफना थाना क्षेत्र के मटिही के रहने वाले हैं. मुख्यमंत्री योगी ने भी हादसे पर दुख जताया है.
मृतकों में दो सगी बहन और दो युवक शामिल
घटना के बाद मौके पर जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह भी पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि सेल्फी लेते समय एक युवती फिसल कर गहरे पानी में चली गई. उसे बचाने के लिए दूसरे भी नदी में कूदे, लेकिन तेज बहाव के कारण वे भी डूब गए. स्थानीय नाविकों ने दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अन्य चार को नहीं बचाया जा सका.
जानकारी के मुताबिक, मृतक में दो सगी बहन हर्षिता (17) और नंदिता (12) पुत्री अजीत चौहान, ये निवासीगढ़ रामपुर भोज थाना गडवार के रहने वाले थे. वहीं, दो युवक अर्जुन चौहान (19) और अरूण चौहान (20) निवासी खिलाड़ी महेशपुर गाजीपुर (जो अपने मामा वशिष्ठ चौहान पुत्र जयराम चौहान के घर कल्याणीपुर फेफना में रहता था) शामिल हैं.
दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुखद- CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते एक्स पर लिखा, ‘बलिया में नदी के घाट पर सेल्फी एवं रील बनाते समय हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.’