तीसरी शादी रचाने चला था झोलाछाप, खबर मिलते ही क्लीनिक पर पहुंची दोनों बीवियां; जमकर हुआ बवाल

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक झोलाछाप डॉक्टर तीसरी शादी करने की तैयारी में था, जिसकी खबर मिलते ही उसकी पहली दो बीवियां आग बबूला हो गईं. दोनों बीवियों ने अपने परिजनों के साथ मिलकर डॉक्टर की क्लीनिक पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ व हंगामा किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और डॉक्टर पर धोखाधड़ी व दहेज उत्पीड़न के भी आरोप लगे हैं.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक में मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि यह झोलाछाप डॉक्टर शादीशुदा है और घर में उसकी दो बीवियां है, बावजूद इसके वह तीसरी शादी करने जा रहा था. यह खबर जैसे उसकी उसकी दोनों बीवियों को मिली, दोनों अपने परिजनों के साथ डॉक्टर की क्लीनिक पर पहुंच गई और तोड़फोड़ करते हुए जमकर बवाल काटा. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टर के बयान पर एफआईआर दर्ज करते हुए दोनों बीवियों को हिरासत में लिया है.

मामला इटावा के नई बस्ती में गुरुवार की शाम का है. यहां रहने वाले फिरोज खां ने बताया कि उनके बेटे अरशद की पहली पत्नी रोजिश मंसूरी ने अपने पिता सरफुद्दीन और मां सायरा बेगम के साथ मिलकर क्लीनिक पर हमला किया. इतने में बेटे की दूसरी बीवी सना उर्फ सपना और उसकी भाभी सबीना ने भी मौके पर आकर गाली-गलौज की और तोड़फोड़ की. यही नहीं आरोपियों ने क्लीनिक के बाहर खड़ी बाइक को भी तोड़ दिया. यही नहीं, आरोपियों ने उनके घर पहुंच कर भी बिस्तर और आलमारी आदि में आग लगा दी.

फिरोज की तहरीर पर एफआईआर

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पत्नियों समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया है, जहां से उन्हें जमानत मिल गई है. पुलिस के मुताबिक अरशद की दोनों पत्नियों को सूचना मिली थी कि वह तीसरी शादी करने जा रहा है. इससे दोनों नाराज होकर उसकी क्लीनिक पहुंचीं और बवाल काटा. प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के मुताबिक दोनों पत्नियों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है.

डॉक्टर बताकर हुआ था निकाह

दोनों पत्नियों ने पुलिस की पूछताछ में अपने पति अरशद पर धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं. पहली पत्नी रोजिश मंसूरी ने बताया कि साल 2022 में आरोपी के साथ उ सकी शादी हुई थी. उस समय आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताया था. शादी के बाद उसकी सच्चाई सामने आई. इसी प्रकार दूसरी पत्नी ने भी धोखाधड़ी का आरोप लगाया. कहा कि उसे आरोपी ने बताया था कि हादसे में उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है. निकाह के बाद वह ससुराल आई तो सच्चाई की जानकारी हुई.

Follow Us